
कोलकाता, 27 मार्च । भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल में मतदाता जागरूकता बढ़ाने के लिए हावड़ा में विशाल व्यवस्थित मतदाता शिक्षा और चुनावी भागीदारी (स्वीप-एसवीईपी) जनसंपर्क कार्यक्रम का आयोजन किया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) और जिला निर्वाचन अधिकारियों (डीईओ) के समन्वय से आयोजित यह कार्यक्रम बंगाल के साथ असम, केरल, पुड्डुचेरी व तमिलनाडु में विधानसभा चुनावों के मद्देनजर चल रहे स्वीप अभियान का हिस्सा है।

“चुनाव का पर्व, पश्चिम बंगाल का गर्व” विषय पर आधारित इस अभियान का लक्ष्य लोकतंत्र के उत्सव को शांतिपूर्ण व आनंदमय बनाना है। हावड़ा में सुबह सात बजे हावड़ा ब्रिज चेक पोस्ट से शुरू साइक्लोथॉन रैली रेल संग्रहालय होते हुए रामकृष्णपुर फेरी घाट पहुंची। स्कूल-कॉलेज छात्रों, पहली बार वोट डालने वाले युवाओं व आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों ने इसमें बढ़चढ़कर हिस्सा लिया। समापन पर लोकगीत, नृत्य व नाटकों से मतदान का महत्व समझाया गया। साथ ही, ‘मतदाता जागरूकता नौका सेवा’ जैसे नवीन प्रयोग शुरू किए गए।
युवाओं को जोड़ने के लिए आयोग ने एनिमेटेड पात्र छोटा भीम व चुटकी को शामिल किया, जिन्होंने खेल-खेल में वोटिंग का संदेश दिया। पारदर्शिता बढ़ाने को ईसीआईएनईटी ऐप, बेहतर मतदाता सूचना पर्चियां, 100 प्रतिशत वेबकास्टिंग व मतदान केंद्रों पर मोबाइल जमा सुविधा पर जोर दिया जा रहा है।
