कोलकाता बैठक में भाजपा विधायकों ने द्रौपदी मुर्मू से कहा : आपकी जीत सुनिश्चित है

 

कोलकाता । राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को कोलकाता के जेडब्ल्यू मैरियट होटल में भाजपा विधायक संग बैठक की है। सुबह 10:00 बजे के करीब बैठक शुरू हुई। यहां मौजूद सूत्रों ने बताया है कि बैठक के दौरान भाजपा विधायकों ने द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाए जाने को लेकर शुभकामनाएं दी और आश्वस्त किया कि उनकी जीत सुनिश्चित है। खासकर नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने भाजपा विधायकों की ओर से पक्ष रखते हुए मुर्मू से कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति होने का सौभाग्य उन्हें मिलने वाला है और इससे केवल भाजपा ही नहीं बल्कि देश की जनता बेहद खुश हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल से भाजपा विधायकों का समर्थन तो उन्हें मिलेगा ही साथ ही उनकी जीत से राज्य में बड़े पैमाने पर रहने वाले आदिवासी समुदाय में भी खुशी की लहर होगी। मुर्मू ने भी इस आश्वासन के लिए सब का आभार जताया। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम गीत के साथ हुई। इसके बाद मीडिया कर्मियों की अनुपस्थिति में बैठक हुई। सूत्रों ने बताया है कि इस दौरान मुर्मू ने पार्टी के विधायकों को यह भी आश्वस्त किया है कि बंगाल में उनकी लोकतांत्रिक लड़ाई जरूरी है और यह जारी रहनी चाहिए।
कोलकाता से द्रौपदी मुर्मू को अमरावती के लिए रवाना होना है। वह सोमवार शाम को ही पश्चिम बंगाल पहुंच गई थीं। सिलीगुड़ी में उन्होंने सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग गोले के साथ बैठक की थी। उनकी पार्टी के विधायक भी मौजूद थे। उसके बाद वह कोलकाता आई थीं जहां प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार और नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में उनका स्वागत हुआ था। मंगलवार सुबह 7:30 बजे के करीब वह शिमला स्ट्रीट स्थित स्वामी विवेकानंद के पैतृक आवास पर पहुंची थीं जहां पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी है। उसके बाद उन्होंने भाजपा विधायकों के साथ बैठक की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Open chat
1
Hello
Can we help you?