भारतीय आभूषणों की विरासत: अतीत से वर्तमान तक एक निरंतर यात्रा

भारतीय आभूषण केवल सौंदर्य का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक पहचान, आस्था और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति के सशक्त प्रतीक रहे हैं। प्राचीन काल से लेकर आज तक इनके स्वरूप में बदलाव जरूर आया है, लेकिन उनकी मूल भावना और परंपरा आज भी जीवित है। समय-समय पर प्राचीन आभूषण शैलियाँ आधुनिक फैशन में पुनः उभरती रहती हैं, जो भारतीय संस्कृति की गहरी जड़ों और उसकी निरंतरता को दर्शाती हैं। संचालनालय पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय द्वारा संरक्षित मूर्तियाँ इस समृद्ध परंपरा का सजीव प्रमाण प्रस्तुत करती हैं।

इन मूर्तियों में अंकित आभूषण न केवल उस समय की उत्कृष्ट शिल्पकला और तकनीकी दक्षता को दर्शाते हैं, बल्कि तत्कालीन समाज की सौंदर्य दृष्टि और जीवन शैली को भी उजागर करते हैं। शुंगकालीन यक्षी प्रतिमा से लेकर हरिहर, शिव-पार्वती और वैष्णवी प्रतिमाओं तक, प्रत्येक मूर्ति में आभूषणों की विविधता और सूक्ष्मता देखने को मिलती है। मोतियों के हार, कर्ण-कुंडल, केयूर, कटीमेखला, चंद्रहार और नूपुर जैसे अलंकरण उस समय के सौंदर्यबोध को जीवंत रूप में प्रस्तुत करते हैं, साथ ही यह भी बताते हैं कि आभूषणों का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व कितना गहरा था।

संयुक्त निदेशक डॉ. मनीषा शर्मा के अनुसार, भारतीय आभूषण समय, समाज और संवेदनाओं के जीवंत दस्तावेज़ हैं। इन मूर्तियों में अंकित प्रत्येक आभूषण अपने युग की कहानी कहता है और यह दर्शाता है कि परंपरा कभी स्थिर नहीं रहती, बल्कि निरंतर विकसित होती है। आज के आधुनिक आभूषणों में भी इन प्राचीन परंपराओं की स्पष्ट झलक दिखाई देती है, जो अतीत और वर्तमान के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *