रानीगंज में फुटबॉल प्रतिभाओं को निखारने की पहल, बच्चों के लिए प्रशिक्षण स्कूल की शुरुआत

22 मार्च को रॉबिनसेन स्टेडियम में रजिस्ट्रेशन, अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर दीपक कुमार मंडल देंगे प्रशिक्षण

रानीगंज। रानीगंज क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। उभरते फुटबॉल खिलाड़ियों को सही मार्गदर्शन और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से श्याम मेटालिक्स के सहयोग से रानीगंज के रॉबिनसेन स्टेडियम में 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए फुटबॉल प्रशिक्षण स्कूल की शुरुआत होने जा रही है। इस पहल के तहत आगामी 22 मार्च को सुबह 9 बजे रॉबिनसेन स्टेडियम में बच्चों के लिए पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। आयोजकों ने बताया कि इस प्रशिक्षण शिविर में चयनित बच्चों को नियमित रूप से पेशेवर प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे उनकी खेल प्रतिभा को निखारने में मदद मिलेगी। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की सबसे खास बात यह है कि इसमें अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित दीपक कुमार मंडल स्वयं बच्चों को प्रशिक्षण देंगे। उनके मार्गदर्शन में बच्चों को खेल की बारीकियां, तकनीक और अनुशासन सिखाया जाएगा।
इस अवसर पर दीपक कुमार मंडल ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य बच्चों को शुरुआती स्तर से ही सही दिशा और प्रशिक्षण प्रदान करना है, ताकि वे भविष्य में उत्कृष्ट खिलाड़ी बन सकें। उन्होंने कहा, “अगर बच्चों को बचपन से ही उचित प्रशिक्षण और मार्गदर्शन मिले, तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। रानीगंज और आसपास के क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत है उसे सही मंच देने की।” आयोजकों का मानना है कि इस तरह की पहल से रानीगंज तथा आसपास के इलाकों में छिपी खेल प्रतिभाओं को एक नया अवसर मिलेगा। साथ ही, बच्चों में खेल के प्रति रुचि और अनुशासन की भावना भी विकसित होगी। इस कार्यक्रम को लेकर स्थानीय अभिभावकों और बच्चों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में बच्चे इसमें भाग लेने के लिए उत्सुक हैं। आयोजकों ने अधिक से अधिक बच्चों से इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेकर अपने खेल कौशल को निखारने की अपील की है। यह पहल निश्चित रूप से क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ-साथ भविष्य के खिलाड़ियों को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *