जामुड़िया में हरेराम सिंह पर फिर जताया भरोसा, तृणमूल उम्मीदवार घोषित होते ही जश्न का माहौल

जामुड़िया। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने जामुड़िया विधानसभा सीट से एक बार फिर मौजूदा विधायक हरेराम सिंह पर भरोसा जताते हुए उन्हें पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया है। उम्मीदवार की घोषणा होते ही जामुड़िया क्षेत्र में उत्साह और जश्न का माहौल देखने को मिला।

44 साल पुराना किला तोड़कर बनाई थी पहचान

गौरतलब है कि वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में हरेराम सिंह ने जामुड़िया सीट पर 44 वर्षों से कायम वामपंथी वर्चस्व को समाप्त कर तृणमूल कांग्रेस को ऐतिहासिक जीत दिलाई थी। उनकी इस जीत को ममता बनर्जी के लिए एक बड़ी राजनीतिक उपलब्धि माना गया था।

घोषणा के बाद जामुड़िया में जश्न

हरेराम सिंह के नाम की घोषणा होते ही जामुड़िया के विभिन्न इलाकों में तृणमूल कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया। कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े, हरा अबीर खेला और एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर खुशी जाहिर की। पूरे क्षेत्र में पार्टी समर्थकों के बीच उत्साह साफ तौर पर देखा गया।

“दिदी पर पूरा भरोसा, सभी भाषाएं समान” — हरेराम सिंह

उम्मीदवारी मिलने के बाद हरेराम सिंह ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उन्हें ममता बनर्जी पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा, “दिदी के लिए सभी धर्म और भाषाएं समान हैं, यही तृणमूल कांग्रेस की असली पहचान है।”

भाजपा उम्मीदवार पर साधा निशाना

भाजपा उम्मीदवार डॉ. बिजन मुखर्जी पर हमला बोलते हुए हरेराम सिंह ने कहा कि वे रानीगंज से दो बार चुनाव हार चुके हैं और जामुड़िया में कोई बड़ी चुनौती पेश नहीं कर पाएंगे। उन्होंने यहां तक दावा किया कि “बीजेपी को वोट के दिन बूथ मैनेजमेंट के लिए भी लोग नहीं मिलेंगे।”उन्होंने यह भी कहा कि डॉ. मुखर्जी को उनके अपने गांव बीजपुर में भी अपेक्षित समर्थन नहीं है।

बड़े अंतर से जीत का दावा

हरेराम सिंह ने विश्वास जताया कि इस बार वे पहले से भी बड़े अंतर से जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों के कारण जनता का भरोसा तृणमूल कांग्रेस पर और मजबूत हुआ है।

विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का वादा

उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी के नेतृत्व में जामुड़िया में व्यापक विकास कार्य हुए हैं और अब उनकी प्राथमिकता इन योजनाओं को आगे बढ़ाना है। पानी की समस्या को लेकर उन्होंने आश्वासन दिया कि इसका समाधान जल्द किया जाएगा और इस दिशा में तेजी से काम चल रहा है।

प्रमुख प्राथमिकताएं

हरेराम सिंह ने आगामी कार्यों की रूपरेखा बताते हुए कहा कि: जामुड़िया में एक फायर ब्रिगेड कार्यालय की स्थापना उनकी प्राथमिकता होगी दरबाडांगा ब्रिज का निर्माण कार्य जल्द पूरा कराया जाएगा

हिंदी भाषी उम्मीदवार पर दिया संदेश

अपने हिंदी भाषी होने को लेकर उठने वाले सवालों पर उन्होंने कहा कि उनका दोबारा उम्मीदवार बनाया जाना इस बात का प्रमाण है कि ममता बनर्जी के नेतृत्व में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं है और सभी समुदायों को समान सम्मान दिया जाता है। वही कुल मिलाकर, जामुड़िया में हरेराम सिंह की उम्मीदवारी ने चुनावी माहौल को और गर्म कर दिया है और अब इस सीट पर मुकाबला और दिलचस्प होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *