आसनसोल | पश्चिम बंगाल आसनसोल के कुलटी थाना अंतर्गत चौरंगी पुलिस फाड़ी इलाके में ड्रग्स तस्करी के एक मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। डीडी डिपार्टमेंट द्वारा गिरफ्तार किए गए चार युवकों की रिमांड को अदालत ने 5 दिनों के लिए और बढ़ा दिया है।
बताया जा रहा है कि बीते 6 मार्च की शाम करीब साढ़े सात बजे चितरंजन रोड स्थित मैदा कल के पास एक दुकान के सामने से डीडी डिपार्टमेंट ने 105 ग्राम ड्रग्स के साथ चार युवकों को गिरफ्तार किया था। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अभिषेक राय, नाज खान, शहजाद आलम और शिबू मालाकार के रूप में हुई है।
गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को आसनसोल लाकर उनसे गहन पूछताछ की गई। इसके बाद 8 मार्च को उन्हें आसनसोल जिला अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 5 दिनों की रिमांड पर भेजा गया था।
रिमांड अवधि पूरी होने के बाद सोमवार को एक बार फिर डीडी डिपार्टमेंट ने चारों आरोपियों को अदालत में पेश किया और मामले की जांच को आगे बढ़ाने के लिए रिमांड बढ़ाने की मांग की। अदालत ने इस अपील को मंजूर करते हुए सभी आरोपियों को 5 दिनों की अतिरिक्त रिमांड पर भेज दिया।
जांच में नए सुराग, बढ़ सकती हैं गिरफ्तारियां
सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान ड्रग्स तस्करी से जुड़े कुछ अहम सुराग मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि इस मामले में और भी लोगों की संलिप्तता हो सकती है, जिससे आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां संभव हैं।
वाहन भी जांच के दायरे में
मामले में एक सफेद रंग की चार पहिया वाहन को भी जांच के दायरे में लिया गया है, जिसका नंबर WB 38BD 9304 बताया जा रहा है।फिलहाल डीडी डिपार्टमेंट पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है और इस मामले में बड़े खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है।
