
जामुड़िया। आगामी ईद के मद्देनज़र जामुड़िया थाना की ओर से रविवार को एक महत्वपूर्ण शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में जामुड़िया क्षेत्र की विभिन्न मस्जिद कमिटियों के प्रतिनिधियों के साथ प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में ईद के त्योहार को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से मनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में एसीपी सेंट्रल बिमान कुमार मिर्धा, सीआई मानव दास, जामुड़िया थाना प्रभारी सोमेंद्र सिंह नाथ ठाकुर, चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष जयप्रकाश दुकानिया, सचिव महेश सवाड़िया, श्रीपुर फाड़ी प्रभारी मेहराज अंसारी, केंदा फाड़ी प्रभारी मदनमोहन दत्ता, चुरुलिया फाड़ी प्रभारी बुद्धदेव गायन, ट्रैफिक ओसी अनुप कुमार हाती, एमएमआईसी सुब्रतों अधिकारी तथा बोरो चेयरमैन शेख शानदार सहित जामुड़िया थाना के कई पुलिस अधिकारी उपस्थित थे। इसके अलावा क्षेत्र की विभिन्न मस्जिदों के प्रतिनिधि और गणमान्य लोग भी बैठक में शामिल हुए। इस मौके पर एसीपी सेंट्रल बिमान कुमार मिर्धा ने कहा कि ईद खुशियों और आपसी मेल-मिलाप का त्योहार है। इस दिन लोग एक-दूसरे के गले मिलकर प्रेम और भाईचारे का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि जामुड़िया क्षेत्र में हर साल ईद का त्योहार बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया जाता है। रमजान के पवित्र महीने के समापन के बाद आने वाला यह पर्व आपसी सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने भरोसा जताया कि इस वर्ष भी पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोगों के सहयोग से ईद का त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया जाएगा। वहीं जामुड़िया थाना प्रभारी सोमेंद्र सिंह नाथ ठाकुर ने कहा कि ईद को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सतर्क और तैयार है। उन्होंने बताया कि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें और शांति व भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं। इस अवसर पर एमएमआईसी सुब्रतों अधिकारी ने कहा कि जामुड़िया क्षेत्र की सबसे बड़ी पहचान यहां का आपसी भाईचारा और सौहार्द है। यहां सभी धर्मों के लोग एक-दूसरे के त्योहारों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं और मिलजुल कर त्योहार मनाते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस वर्ष भी ईद का त्योहार पूरे क्षेत्र में शांति, प्रेम और सद्भाव के साथ मनाया जाएगा। बैठक के दौरान मस्जिद कमिटी के प्रतिनिधियों ने भी प्रशासन को आश्वस्त किया कि वे ईद के अवसर पर शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का पूरा सहयोग करेंगे। बैठक का उद्देश्य सभी पक्षों के बीच समन्वय स्थापित कर त्योहार को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना था।
