
आसनसोल। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आसनसोल स्थित भारती भवन में “हमारा संकल्प” एनजीओ की शिक्षिकाओं और स्टाफ सदस्यों द्वारा सशक्त कदमों के साथ एक प्रेरणादायक वॉक का आयोजन किया गया। इस वॉक के माध्यम से महिलाओं के आत्मविश्वास, साहस और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं का उत्साह और आत्मबल देखते ही बन रहा था।

इस मौके पर “हमारा संकल्प” एनजीओ के मुख्य संरक्षक सुभाष अग्रवाला ने कहा कि जिन महिलाओं ने पहले कभी मंच पर कदम नहीं रखा और जो वर्षों से समाज के लिए चुपचाप सेवा करती रही हैं, बिना किसी प्रसिद्धि या पहचान की अपेक्षा के, उनके लिए बिना किसी औपचारिक प्रशिक्षण के इस तरह आगे आकर भाग लेना अत्यंत साहस और दृढ़ संकल्प का परिचायक है।

उन्होंने कहा कि ऐसी महिलाएं समाज की असली शक्ति हैं, जो निस्वार्थ भाव से दूसरों के जीवन में बदलाव लाने का कार्य करती हैं। उनका यह आत्मविश्वास और हौसला न केवल प्रेरणादायक है, बल्कि यह संदेश भी देता है कि यदि इरादे मजबूत हों तो हर महिला अपने कदमों से बदलाव की नई राह बना सकती है।
अंत में उन्होंने सभी प्रतिभागी महिलाओं को सलाम करते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन ऐसे ही छोटे-छोटे लेकिन सशक्त कदमों से शुरू होता है।
