‘काव्य लहरी’ सीजन-3 की भव्य शुरुआत: स्मृतियों और संवेदनाओं का संगम

कोलकाता, 7 मार्च 2026: भारतीय भाषा परिषद के सभाकक्ष में शनिवार की शाम ‘काव्य लहरी’ सीजन-3 की प्रथम कड़ी का भव्य शुभारंभ हुआ। श्रोताओं से भरे सभाकक्ष इस बात का जीवंत प्रमाण था कि साहित्य के प्रति सुधीजनों का अनुराग आज भी अपने चरम पर है।
उद्घाटन एवं स्वागत उद्बोधन कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ परिषद कार्यकारिणी सदस्य आशीष झुनझुनवाला के स्वागत भाषण से हुआ। अपने संबोधन में उन्होंने स्पष्ट किया कि ‘काव्य लहरी’ का मुख्य उद्देश्य नवोदित और उदीयमान कवियों को एक सशक्त मंच प्रदान करना है। अतिथियों एवं कवियों का स्वागत परिषद के कार्यकर्ताओं द्वारा पुष्प गुच्छ देकर किया गया।
समारोह का संचालन कर रहे डॉ. गिरिधर राय ने ‘काव्य लहरी’ के विगत दो सीजनों की गौरवशाली सफलता को याद किया। उन्होंने संस्था के पूर्व उपाध्यक्ष एवं काव्य लहरी के आधार स्तंभ आई.पी. टांटिया और स्वर्गीय नंदलाल शाह की कार्यशैली की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उनके द्वारा स्थापित उच्च प्रतिमानों को इस आयोजन की आधारशिला बताया। कार्यक्रम में एक अत्यंत भावुक क्षण तब आया जब डॉ. राय के आह्वान पर संपूर्ण जनसमूह ने खड़े होकर स्वर्गीय नंदलाल शाह की स्मृति में एक मिनट का मौन धारण कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
मंचीय गौरव और काव्य पाठ:
मंच पर मुख्य अतिथि के रूप में बी.के. त्रिपाठी (IRSE) और विशिष्ट अतिथि के रूप में आई.पी. टांटिया, आशीष झुनझुनवाला एवं आमंत्रित कवियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। मुख्य अतिथि बी.के. त्रिपाठी ने अपने वक्तव्य में विद्वान और विद्यावान शब्दों का अर्थ बताते हुए इनका अंतर भी स्पष्ट किया। काव्य पाठ के सत्र में आमंत्रित कवियों— संजय सनम (पुणे), स्वागता बसु, ललिता जोशी और युवा कवि राज घोष ने अपनी रचनाओं के जादू से श्रोताओं को अंत तक बांधे रखा।

कुशल प्रबंधन एवं समापन:
भारतीय भाषा परिषद के अध्यक्ष डॉ. कुसुम खेमानी, निदेशक डॉ. शंभुनाथ, वित्त सचिव घनश्याम सुगला और कार्यकारिणी सदस्य बिमला पोद्दार व आशीष झुनझुनवाला के कुशल प्रबंधन ने इस आयोजन को भव्यता प्रदान की। कार्यक्रम का समापन आई.पी. टांटिया के धन्यवाद ज्ञापन से हुआ, जिसमें उन्होंने ‘काव्य लहरी’ के पिछले सफर का विस्तृत विवरण साझा करते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन डॉ. गिरधर राय ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *