
राहुल घोषाल के नेतृत्व में निकली रैली, एसआईआर को लेकर भाजपा सरकार पर साधा निशाना
कुल्टी।कुल्टी विधानसभा क्षेत्र में रविवार को युवा तृणमूल कांग्रेस की ओर से एक भव्य बाइक रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया गया। कुल्टी टाउन-1 युवा तृणमूल कांग्रेस द्वारा आयोजित इस रैली का नेतृत्व ब्लॉक अध्यक्ष राहुल घोषाल ने किया।
रैली की शुरुआत डिसरगढ़ स्थित ईसीएल मैदान से हुई। इसके बाद बाइक रैली डिसरगढ़, झालबांगान, बराकर और कुल्टी के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए नियामतपुर न्यू रोड स्थित एक मैदान में जाकर समाप्त हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे लेकर शामिल हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
रैली को संबोधित करते हुए राहुल घोषाल ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि एसआईआर (SIR) के नाम पर बंगाल के लोगों को उनके लोकतांत्रिक अधिकारों से वंचित करने की साजिश की जा रही है। इसके विरोध में तृणमूल कांग्रेस सड़क पर उतरकर जनता की आवाज बुलंद कर रही है।
स्थानीय राजनीति पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कुल्टी के भाजपा विधायक पिछले पांच वर्षों तक क्षेत्र से गायब रहे, लेकिन चुनाव नजदीक आते ही वे जनता को झूठे वादों से गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि इस बार जनता भाजपा के बहकावे में नहीं आएगी। इस दौरान कुल्टी के पूर्व विधायक उज्ज्वल चटर्जी मुख्य रूप से उपस्थित थे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा तृणमूल कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पार्टी के नेताओं का कहना है कि यह रैली क्षेत्र में तृणमूल की मजबूत पकड़ और युवाओं के बढ़ते समर्थन का बड़ा उदाहरण है।
