
दुर्गापुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से दुर्गापुर के सिटी सेंटर में एक विशेष जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। महिला पुलिसकर्मियों के नेतृत्व में निकाली गई इस रैली का मुख्य उद्देश्य महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण और उनके अधिकारों के प्रति समाज में जागरूकता फैलाना था।
रैली में दुर्गापुर थाने की महिला थाना प्रभारी रूपाली बनर्जी सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान शामिल हुए। रैली के दौरान बैनर और पोस्टरों के माध्यम से नारी सम्मान, सुरक्षा और समान अधिकारों का संदेश दिया गया। साथ ही आम लोगों को महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस द्वारा उठाए जा रहे कदमों की भी जानकारी दी गई।
महिला थाना प्रभारी रूपाली बनर्जी ने कहा कि महिला दिवस पर आयोजित यह पहल समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान और सुरक्षा की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने लोगों से महिलाओं के अधिकारों के प्रति संवेदनशील रहने और सुरक्षित समाज के निर्माण में सहयोग देने की अपील भी की।
पुलिस की इस जागरूकता रैली को लेकर शहरवासियों ने भी सराहना की और इसे महिला सुरक्षा के प्रति एक सकारात्मक पहल बताया।
