
जामुड़िया। जामुड़िया थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदा मोड़ इलाके में स्थित एक कार शोरूम में शुक्रवार शाम अचानक आग लग जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग लगने की घटना से आसपास के लोगों में काफी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि शोरूम के अंदर लगे एयर कंडीशनर (एसी) के पास शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगी। देखते ही देखते आग ने शोरूम के एक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वहां मौजूद कर्मचारियों और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। वही घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई। खबर मिलते ही रानीगंज दमकल केंद्र से एक दमकल इंजन तत्काल मौके पर पहुंचा। दमकल कर्मियों ने तेजी से स्थिति को संभालते हुए आग बुझाने का अभियान शुरू किया। उनकी तत्परता और कुशल प्रयासों के चलते कुछ ही समय में आग पर काबू पा लिया गया। वही दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि इस घटना में शोरूम के कुछ हिस्से को नुकसान पहुंचा है और वहां रखे कुछ सामान जल गए, लेकिन किसी प्रकार की बड़ी क्षति या जनहानि की खबर नहीं है। फिलहाल आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग के अधिकारी पूरे मामले की पड़ताल कर रहे हैं। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई थी, लेकिन स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है।
