आसनसोल नगर निगम बजट 2026-27: सड़क, जल आपूर्ति और स्वास्थ्य सेवाओं पर बड़ा फोकस, ग्रीन बिल्डिंग को टैक्स छूट

आसनसोल। आसनसोल नगर निगम ने वर्ष 2026-27 के लिए अपना बजट प्रस्ताव पेश कर दिया है। इस बजट में बुनियादी ढांचे के विकास, सामाजिक कल्याण योजनाओं के विस्तार, स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दी गई है। नगर निगम ने परिषद से बजट अनुमोदन की अपील की है। नगर निगम के पब्लिक वर्क्स विभाग के तहत बड़े पैमाने पर राशि आवंटित की गई है—सड़क निर्माण व मरम्मत के लिए 87 करोड़ 87 लाख रुपये जल निकासी (ड्रेनेज) व्यवस्था के लिए 32 करोड़ 39 लाख रुपये स्ट्रीट लाइट एवं विशेष स्थलों पर प्रकाश व्यवस्था के लिए 28 करोड़ 45 लाख रुपये जल आपूर्ति परियोजनाओं के लिए 30 करोड़ 40 लाख रुपये इसके अलावा AQM परियोजना के तहत सड़क निर्माण पर अलग से राशि खर्च की गई है। मुख्यमंत्री की पहल “हमारा पाड़ा, हमारा समाधान” योजना के तहत शहर के विभिन्न वार्डों में सिविल और विद्युत कार्यों पर लगभग 102 करोड़ 91 लाख रुपये खर्च का उल्लेख किया गया है। नगर निगम का दावा है कि इस योजना से स्थानीय स्तर पर समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है। इसके साथ ऊर्जा दक्ष डिजाइन, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, सोलर एनर्जी और पर्यावरण अनुकूल निर्माण सामग्री अपनाने वाले भवनों को “ग्रीन बिल्डिंग” का दर्जा देकर कम से कम 10 प्रतिशत टैक्स छूट देने का प्रस्ताव रखा गया है। इससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने की योजना है। शहर में खतरनाक और जर्जर इमारतों को चिन्हित कर हटाने की कार्रवाई की जाएगी। ऐसी जगहों पर नए निर्माण के लिए साइट प्लान फीस में 20 प्रतिशत तक छूट देने का प्रस्ताव है। नेशनल सोशल असिस्टेंस स्कीम के तहत करीब 22 हजार लोग पेंशन पा रहे हैं। वही “जय बांग्ला” योजना के माध्यम से वृद्ध, विधवा और दिव्यांग नागरिकों को सहायता मिल रही है। कैंसर व किडनी रोगियों को लाखों रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। “शिक्षा मित्र डे मील” योजना से लगभग 99 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं लाभान्वित हो रहे हैं। नगर निगम क्षेत्र में 26 स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं दी जा रही हैं। 7 शहरी स्वास्थ्य एवं वेलनेस सेंटर (USWC) कार्यरत हैं, जबकि 33 और केंद्र प्रस्तावित हैं। डेंगू नियंत्रण, टीकाकरण और अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

नगर निगम ने प्लान, म्यूटेशन, लाइसेंस समेत अन्य कार्यों के लिए “फास्ट ट्रैक अप्रूवल सिस्टम” शुरू करने की योजना बनाई है। वही यात्रियों की सुविधा के लिए नाइट सर्विस बस चलाने का भी प्रस्ताव रखा गया है। पशु कल्याण और स्वच्छता पर जोर PPP मॉडल पर एनिमल शेल्टर सह ट्रीटमेंट सेंटर और एनिमल क्रेमेटोरियम की स्थापना का प्रस्ताव है। सफाई विभाग में लगभग 2800 कर्मचारी तैनात हैं और सैकड़ों कचरा गाड़ियों के जरिए शहर को साफ रखने का दावा किया गया है। ट्रेड लाइसेंस, बिल्डिंग प्लान, पार्किंग और होर्डिंग (विज्ञापन) से राजस्व बढ़ाने का लक्ष्य तय किया गया है। आसनसोल नगर निगम का 2026-27 का बजट विकास और सामाजिक सुरक्षा दोनों को संतुलित करने की कोशिश करता दिख रहा है। सड़क, पानी, स्वास्थ्य और पर्यावरण जैसे मुद्दों पर विशेष जोर के साथ यह बजट शहर के दीर्घकालिक विकास की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *