
रानीगंज। रानीगंज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत उखड़ा स्थित शारदा पल्ली, बूथ संख्या 199 में भारतीय जनता पार्टी की ओर से ‘बूथ विजय अभियान’ के तहत व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत भाजपा कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की, केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी दी और आगामी चुनाव को लेकर समर्थन की अपील की। इस अवसर पर मुख्य रूप से आसनसोल जिला उपाध्यक्ष सह रानीगंज विधानसभा पर्यवेक्षक आशा शर्मा उपस्थित रहीं। उनके साथ कुंदन बरनवाल, राजा शर्मा, भोला धीबर, उत्तम चौहान, विश्वनाथ कर्मकार सहित अन्य पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे। कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र के विभिन्न परिवारों से संवाद स्थापित कर स्थानीय समस्याओं और जनभावनाओं को समझने का प्रयास किया। कार्यक्रम के दौरान आशा शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में लोगों का रुझान भारतीय जनता पार्टी के समर्थन में बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में जनता विभिन्न समस्याओं से त्रस्त है। उन्होंने कहा कि राज्य में बेरोजगारी एक गंभीर मुद्दा बन चुका है और युवाओं को स्थायी रोजगार की आवश्यकता है। आगे उन्होंने कहा, “जनता अब केवल वादों से संतुष्ट नहीं है। लोग कर्मसंस्थान चाहते हैं, केवल बेरोजगारी भत्ता नहीं। युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए रोजगार के अवसर सृजित करना समय की मांग है।” उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ रहा है और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत कर पार्टी आगामी चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करेगी।
भाजपा नेताओं ने बताया कि ‘बूथ विजय अभियान’ का उद्देश्य प्रत्येक बूथ पर संगठन को सुदृढ़ करना और सीधे मतदाताओं से संपर्क स्थापित करना है। अभियान के तहत कार्यकर्ता नियमित रूप से क्षेत्र में भ्रमण कर रहे हैं और जनसमस्याओं को पार्टी नेतृत्व तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।
