रानीगंज के आमड़ासोता में भीषण जल संकट के विरोध में राष्ट्रीय राजमार्ग 60 जाम, प्रशासन के आश्वासन पर समाप्त हुआ प्रदर्शन

रानीगंज। रानीगंज इलाके में शीत ऋतु की विदाई और बसंत के आगमन के साथ ही बढ़ती गर्मी की आहट के बीच पेयजल संकट ने गंभीर रूप ले लिया है। गर्मी पूरी तरह शुरू भी नहीं हुई है, लेकिन रानीगंज खनन क्षेत्र के कई इलाकों में पानी की समस्या ने लोगों का जीवन मुश्किल कर दिया है। इसी के विरोध में शनिवार को रानीगंज के वार्ड संख्या 34 स्थित आमड़ासोता क्षेत्र की महिलाओं ने 60 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर उतरकर सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं राष्ट्रीय राजमार्ग पर हाथों में हाथ डालकर खड़ी हो गईं और पेयजल की मांग को लेकर मार्ग अवरुद्ध कर दिया। महिलाओं के इस शांत लेकिन दृढ़ और आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन को देखकर स्थानीय पुरुष भी उनके समर्थन में सड़क पर उतर आए। महिला-पुरुषों का यह संयुक्त विरोध इस बात का स्पष्ट संकेत था कि रानीगंज का खनन क्षेत्र इस समय गंभीर जल संकट से जूझ रहा है। वही स्थानीय निवासियों ने बताया कि लगभग एक वर्ष पूर्व आमड़ासोता गांव के चारों ओर पाइपलाइन बिछा दी गई थी। लोगों को उम्मीद थी कि जल्द ही घर-घर पेयजल पहुंचाया जाएगा, लेकिन अब तक जल आपूर्ति शुरू नहीं की गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासनिक लापरवाही और उदासीनता के कारण उन्हें भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिदिन दूर-दराज से पानी लाना पड़ता है, जिससे महिलाओं और बुजुर्गों को विशेष परेशानी उठानी पड़ रही है। इसके साथ राजमार्ग पर हो रहे सड़क दुर्घटनाओं का मुद्दा उठाते हुए स्थानीय लोगों ने बताया कि 60 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए राजमार्ग पर स्पीड ब्रेकर (बंपर) का निर्माण कराया जाए। साथ ही गांव में शीघ्र नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की भी मांग की गई। इस दौरान प्रदर्शनकारी महिलाओं ने स्पष्ट कहा कि उन्हें किसी अन्य सुविधा की आवश्यकता नहीं है, केवल पर्याप्त मात्रा में पीने का पानी चाहिए। स्थानीय लोगों का कहना था, “हम दिन-भर मेहनत कर रोज कमाने-खाने वाले लोग हैं। पानी खरीदकर पीना हमारे लिए संभव नहीं है। यदि शीघ्र ही नियमित जल आपूर्ति शुरू नहीं हुई, तो हमारी स्थिति और अधिक संकटपूर्ण हो जाएगी।” वही इस प्रदर्शन के कारण 60 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। कुछ समय के लिए परिवहन व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई और यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। कई वाहन लंबी कतारों में फंसे रहे, जिससे आवागमन बाधित हो गया। वही इस घटना की सूचना मिलते ही रानीगंज थाना के पंजाबी मोड़ फांड़ी की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। साथ ही वार्ड संख्या 34 के पार्षद ज्योति सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बात की। प्रशासन की ओर से शीघ्र समाधान का आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शनकारियों ने आंदोलन समाप्त कर दिया। इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पुनः सामान्य हो गया। रानीगंज के खनन क्षेत्र में उत्पन्न यह जल संकट प्रशासन के लिए एक गंभीर चुनौती बनकर सामने आया है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि दिए गए आश्वासन पर कितनी जल्दी अमल होता है और क्षेत्रवासियों को नियमित पेयजल सुविधा कब तक उपलब्ध कराई जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *