
आसनसोल। आसनसोल नगर निगम क्षेत्र में विकास को रफ्तार देने के उद्देश्य से “हमारा पाड़ा, हमारा समाधान” (APAS) और “पथश्री” परियोजनाओं के अंतर्गत विभिन्न कार्यों का औपचारिक शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम आसनसोल के कुल्टी बोरो 8, 9 और 10 के तहत आने वाले 28 वार्डों के लिए आयोजित किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, “हमारा पाड़ा, हमारा समाधान” योजना के तहत लगभग 8 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य किए जाएंगे, जबकि “पथश्री” परियोजना के लिए करीब 5 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। इस प्रकार कुल्टी क्षेत्र में इन दोनों योजनाओं के माध्यम से लगभग 13 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की नींव रखी गई है।
इसके अलावा, पूरे आसनसोल नगर निगम क्षेत्र में लगभग 1500 विकास कार्यों पर करीब 45 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना बनाई गई है। इस अवसर पर कार्यक्रम में प्रमुख रूप से मेयर बिधान उपाध्याय, नगर आयुक्त एकम जे सिंह तथा उपमेयर वसीम उल हक सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान कुल्टी के इंजीनियर रथीन चटर्जी द्वारा मेयर बिधान उपाध्याय को सम्मानित भी किया गया, जिससे कार्यक्रम का माहौल और भी गौरवपूर्ण हो उठा। इन परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, सड़कों के निर्माण तथा नागरिक समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
