दुर्गापुर में आशा किरण संस्था की नई एम्बुलेंस सेवा का शुभारंभ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने फीता काटकर किया उद्घाटन, विधायक लखन घुरुई रहे मौजूद

दुर्गापुर। सामाजिक सेवा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल करते हुए आशा किरण संस्था की ओर से गुरुवार को एक नई एम्बुलेंस सेवा का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस एम्बुलेंस सेवा का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप मे उपस्थित भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद समिक भट्टाचार्य ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम में दुर्गापुर पश्चिम के विधायक लखन घुरुई विशेष रूप से उपस्थित रहे। वही उद्घाटन समारोह में संस्था के अध्यक्ष आशा शर्मा, स्थानीय गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम स्थल पर उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला और लोगों ने इस पहल का स्वागत किया।

समारोह को संबोधित करते हुए समिक भट्टाचार्य ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा किसी भी समाज की मूल आवश्यकता है। उन्होंने कहा, “समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना समाज और प्रशासन दोनों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। आशा किरण संस्था द्वारा शुरू की गई यह एम्बुलेंस सेवा क्षेत्र के गरीब, असहाय और जरूरतमंद मरीजों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। आपातकालीन परिस्थितियों में हर मिनट महत्वपूर्ण होता है, ऐसे में यह सेवा कई जिंदगियों को बचाने में सहायक बनेगी।”

वहीं विधायक लखन घुरुई ने संस्था के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि दुर्गापुर जैसे औद्योगिक क्षेत्र में आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधाओं की विशेष आवश्यकता रहती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की सामाजिक पहल से स्थानीय स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती मिलती है और दुर्घटना या गंभीर बीमारी की स्थिति में मरीजों को शीघ्र अस्पताल पहुंचाने में सहायता मिलती है। उन्होंने संस्था को भविष्य में हर संभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।

संस्था के अध्यक्ष आशा शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह एम्बुलेंस सेवा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को प्राथमिकता के आधार पर सेवा प्रदान की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर न्यूनतम शुल्क या विशेष परिस्थितियों में नि:शुल्क सेवा भी दी जाएगी, ताकि किसी भी जरूरतमंद को इलाज से वंचित न रहना पड़े।

उन्होंने आगे बताया कि संस्था भविष्य में स्वास्थ्य शिविर, निःशुल्क जांच अभियान, रक्तदान शिविर तथा अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन की भी योजना बना रही है। उनका उद्देश्य है कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक स्वास्थ्य और सहायता की सुविधा पहुंचे।

वही इस कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने संस्था के इस प्रयास की सराहना की और उम्मीद जताई कि यह एम्बुलेंस सेवा दुर्गापुर एवं आसपास के क्षेत्रों के लिए एक बड़ी राहत साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *