
आसनसोल। आसनसोल नगर निगम में ठेकेदारों से संबंधित मुद्दों को लेकर गुरुवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेयर विधान उपाध्याय, नगर निगम कमिश्नर एकम जे सिंह, मेयर परिषद सदस्य गुरदास चटर्जी, बोरो अध्यक्ष उत्पल सिन्हा समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के संबंध में मेयर परिषद सदस्य गुरदास चटर्जी ने बताया कि पिछले कई दिनों से ठेकेदारों को काम लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। विभिन्न कारणों से कार्य प्रभावित हो रहे थे, जिससे विकास योजनाओं की गति धीमी पड़ गई थी। उन्होंने कहा कि अब नगर निगम को फंड प्राप्त हो गया है, जिससे किसी प्रकार की समस्या नहीं रहेगी। ठेकेदार अब सुचारु रूप से अपना कार्य कर सकेंगे। बैठक में शहर के विकास कार्यों को आगे किस प्रकार गति दी जाए, इस पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
