
कोलकाता, 14 फरवरी। श्री श्याम परिवार संघ बड़ाबाजार द्वारा आयोजित विशाल निशान शोभायात्रा भक्ति, श्रद्धा और उत्साह के बीच भव्य रूप से संपन्न हो गई। संस्था के अध्यक्ष मनीष कुंडलीया के नेतृत्व में निकली इस शोभायात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। पूरा क्षेत्र बाबा श्याम के जयकारों से गूंज उठा।

शोभायात्रा के संयोजक किशन झंवर ने बताया, “फागुन मास में कलयुग के भगवान बाबा श्याम के चरणों में निशान अर्पित करते हैं। इस भक्तिमय आयोजन में जो भक्त खाटू धाम नहीं जा पाते, वे शोभायात्रा के माध्यम से घूसडी धाम, काठगोला मंदिर, श्याम मंदिर आलमबाजार में निशान चढ़ाते हैं। श्याम प्रभु से विनती है कि सबके जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे।
शोभायात्रा में प्रमुख रूप से पूर्व पार्षद सुनीता झंवर, पार्षद विजय ओझा, धर्मेंद्र साव, विजय साव, मीत कुंडलीया, सीमा कुंडलीया, राजेश साव, शिवम शुक्ला, खुशबू गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए। विधिवत पूजा-अर्चना के बाद शुभारंभ हुई यात्रा निर्धारित मार्ग से गुजरी। श्रद्धालु बाबा का निशान थामे भजनों पर नाचते-गाते बाबा श्याम के दरबार तक पहुंचे। जगह-जगह भक्तों ने निशान धारियों पर फूल बरसाए, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया।
अंत में प्रसाद वितरण के साथ शोभायात्रा का समापन हुआ। इस आयोजन ने स्थानीय समुदाय में भक्ति का संचार किया और श्री श्याम परिवार संघ की सामाजिक सक्रियता को रेखांकित किया। बड़ाबाजार क्षेत्र में धार्मिक एकता का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत करते हुए यह शोभायात्रा सफल रही।
