रानीगंज पुलिस ने अंतरजिला चोर गिरोह का किया भंडाफोड़, भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद

रानीगंज। रानीगंज थाना पुलिस को दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं में बड़ी सफलता हाथ लगी है। रानीगंज थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से करीब 500 ग्राम चांदी के आभूषण, लगभग 50 ग्राम सोने के गहने तथा करीब 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इस संबंध में रानीगंज थाना से हाल ही में दायित्वमुक्त हुए पुलिस अधिकारी विकास दत्ता ने प्रेस वार्ता कर पूरी जानकारी साझा की। इस मौके पर पूर्व थाना प्रभारी बिकाश दत्ता ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में थाना क्षेत्र में दो चोरी की घटनाएं दर्ज की गई थीं। पहली घटना में एक बंद पड़े मकान को निशाना बनाकर कीमती सामान और नकदी चोरी कर ली गई थी। वहीं दूसरी घटना में एक दुकान का ताला तोड़कर नगद राशि और इलेक्ट्रॉनिक सामान पार कर दिया गया था। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में दहशत का माहौल था और स्थानीय लोगों ने शीघ्र कार्रवाई की मांग की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए रानीगंज थाना पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, संदिग्धों से पूछताछ की गई और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। लगातार छापेमारी के बाद पुलिस ने संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की गई नकदी, मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एवं अन्य सामान बरामद किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह भी जांच की जा रही है कि वे किसी बड़े गिरोह से जुड़े हैं या नहीं। प्रेस वार्ता के दौरान बिकास दत्ता ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम जनता से अपील की कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। वही पुलिस की इस सफलता से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है और रानीगंज थाना पुलिस की तत्परता की सराहना की है। वही पुलिस अधिकारीयों द्वारा इस मामले को लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस मौके पर बिकास दत्ता के अलावा पंजाबी मोड़ के प्रभारी एम डी मैनुल हक़,मेजो बाबू शांति रंजन घोष,प्रीतम पाल,एम डी परवेज आलम समेत अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *