
रानीगंज,11 फरवरी :भारतीय जनता पार्टी के लिए एक विशेष और महत्वपूर्ण दिन माना जाता है। इस दिन को पार्टी की ओर से “समर्पण दिवस” के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर रानीगंज के प्रख्यात चिकित्सक तथा वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में रानीगंज से भाजपा प्रत्याशी रहे डॉ. बिजन मुखर्जी ने समर्पण दिवस के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। डॉ. मुखर्जी ने कहा कि 11 फरवरी भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए समर्पण और संकल्प का दिन है। यह केवल एक तिथि नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराने का अवसर है। उन्होंने बताया कि इस दिन भाजपा से जुड़ना उनके जीवन का एक महत्वपूर्ण निर्णय था, जिसके लिए वे स्वयं को धन्यवाद देते हैं। उन्होंने कहा, “भारतीय जनता पार्टी में शामिल होना केवल किसी राजनीतिक दल का हिस्सा बनना नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र सेवा, विकास और जनकल्याण के लिए स्वयं को समर्पित करने की शपथ लेने का दिन है। डॉ. मुखर्जी ने आगे कहा कि देश को आगे बढ़ाने के लिए ईमानदारी, निष्ठा और राष्ट्र के प्रति सच्चा प्रेम अत्यंत आवश्यक है। यही मूल्य प्रत्येक भारतीय की वास्तविक शक्ति हैं। उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति अपनी गहरी श्रद्धा व्यक्त करते हुए कहा कि उनके आदर्शों और मार्गदर्शन से प्रेरित होकर वे समाज के विकास, जनकल्याण और राष्ट्र की उन्नति के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे। समर्पण दिवस के अवसर पर उन्होंने पार्टी के अनगिनत कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की निष्ठा, परिश्रम और समर्पण ही पार्टी की असली ताकत है। उनके सहयोग और आशीर्वाद से ही संगठन निरंतर आगे बढ़ता है। अंत में डॉ. बिजन मुखर्जी ने कहा कि समर्पण दिवस हर भाजपा कार्यकर्ता को यह याद दिलाता है कि राजनीति केवल सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा का एक सशक्त मार्ग है। इस दिन लिया गया संकल्प ही भविष्य की दिशा तय करता है और यही पार्टी के लिए सबसे बड़ी प्रेरणा है।
