
हावड़ा, 11 फ़रवरी । हावड़ा रेलवे स्टेशन के ओल्ड कॉम्प्लेक्स इलाके में सोमवार सुबह हावड़ा जीआरपी और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान चलाकर अवैध रूप से ले जाई जा रही विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की है। इस कार्रवाई में तीन आरोपितों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया है। हावड़ा जीआरपी के एसआरपी इंद्रजीत बसु ने बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस कर मामले की जानकारी दी।
जीआरपी के अनुसार, आरोपित बिहार ले जाने के उद्देश्य से अवैध रूप से शराब की खेप लेकर जा रहे थे। अभियान के दौरान जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने उन्हें धर दबोचा और मौके से शराब जब्त की।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान संजय कुमार (38), जिला भागलपुर, बिहार; सूरज कुमार (23), जिला लखीसराय, बिहार; और हर्षित राज (24), जिला लखीसराय, बिहार के रूप में हुई है।
आरोपितों के पास से विभिन्न ब्रांड की विदेशी शराब बरामद की गई है, जिनमें “सिग्नेचर” प्रीमियर ग्रेन व्हिस्की, “बाकार्डी” लिमोन सुपर सेलेक्ट ओरिजिनल सिट्रस रम और “ब्लेंडर्स प्राइड” अल्ट्रा प्रीमियम व्हिस्की शामिल हैं। कुल मिलाकर लगभग 30 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई है।
मामले में हावड़ा जीआरपी थाना में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे किसी बड़े तस्करी नेटवर्क की संलिप्तता है या नहीं।
