जामुड़िया में भीषण सड़क हादसा: राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर मिनीबस को एक्सप्रेस बस ने मारी टक्कर, करीब 40 यात्री घायल

जामुड़िया। जामुड़िया थाना क्षेत्र के सातग्राम आठ नंबर फाटक के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क दुर्घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। यात्रियों को उतार रही एक मिनी बस के पीछे दुर्गापुर की ओर जा रही एक एक्सप्रेस बस ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे लगभग 40 यात्री घायल हो गए। स्थानीय सूत्रों के अनुसार कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, हालांकि देर शाम तक किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आसनसोल के बराकर से रानीगंज की ओर जा रही एक मिनीबस सातग्राम के पास राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे यात्रियों को उतार रही थी। इसी दौरान आसनसोल से दुर्गापुर की दिशा में जा रही एक तेज रफ्तार एक्सप्रेस बस अचानक सड़क पर आए एक मवेशी को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गई और सीधे मिनी बस के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मिनी बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वही प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मिनी बस के पिछले हिस्से में बैठे कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक्सप्रेस बस के आगे के केबिन में बैठे कुछ यात्रियों को भी गंभीर चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। वही इस घटना की सूचना पुलिस प्रशासन को दी गई, जिसके बाद घायलों को तत्काल रानीगंज के एक निजी अस्पताल तथा आसनसोल जिला अस्पताल भेजा गया।
इस सड़क दुर्घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रही, सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रण में लिया और यातायात को पुनः सामान्य किया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय राजमार्ग के इस हिस्से में अक्सर मवेशियों का आवागमन होता रहता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उनका कहना है कि प्रशासन द्वारा इस समस्या के समाधान के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से इस क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने और मवेशियों की आवाजाही रोकने की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगा रही है। वही घायल यात्रियों के बेहतर इलाज के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सक्रिय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *