

आसनसोल। पश्चिम बंगाल राज्य एआईएमआईएम नेतृत्व और पश्चिम बर्धमान जिला एआईएमआईएम कमेटी के अध्यक्ष दानिश अज़ीज़ की अगुवाई में आज आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र में संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया। आसनसोल के
रेलपार स्थित पश्चिम बर्धमान जिला एआईएमआईएम कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आसनसोल उत्तर विधानसभा एआईएमआईएम के ब्लॉक अध्यक्ष अरशद खान ने क्षेत्र के 10 नव-नियुक्त वार्ड अध्यक्ष को औपचारिक रूप से नियुक्ति पत्र प्रदान किए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पार्टी नेताओं ने कहा कि वार्ड स्तर पर संगठन को मजबूत करना ही आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी का पहला चरण है। नेताओं का दावा था कि नए वार्ड अध्यक्षों की नियुक्ति से जमीनी स्तर पर पार्टी की पकड़ और अधिक सशक्त होगी तथा आम जनता के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ेगी। वही इस मौके पर जिला अध्यक्ष दानिश अज़ीज़ ने कहा कि एआईएमआईएम पश्चिम बर्धमान जिले में तेजी से अपना आधार मजबूत कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी आगामी चुनाव में मजबूती से मुकाबला करेगी। इस अवसर ब्लॉक अध्यक्ष अरशद खान ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य बूथ स्तर तक संगठन का विस्तार करना है। उन्होंने दावा किया कि आसनसोल उत्तर से एआईएमआईएम का विधायक चुनकर आएगा और पार्टी क्षेत्र की आवाज को विधानसभा तक पहुंचाएगी। इस अवसर पर एआईएमआईएम के कई प्रमुख नेता और पदाधिकारी उपस्थित थे, जिनमें नदीम अख्तर (जिला कार्यकारी अध्यक्ष), शाहनवाज आलम (सचिव, आसनसोल उत्तर विधानसभा एआईएमआईएम), मुमताज अंसारी (आईटी प्रभारी, पश्चिम बर्धमान जिला एआईएमआईएम), हाफ़िज़ अल्ताफ़ अलियावी, एमडी इरफान अंसारी सहित अन्य कार्यकर्ता एवं प्रतिनिधि शामिल थे। कार्यक्रम के अंत में सभी नव-नियुक्त वार्ड अध्यक्षों ने संगठन को मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया। वही इसको लेकर राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आसनसोल उत्तर में एआईएमआईएम की सक्रियता आने वाले चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकती है।
