
विधानसभा से बिल पास, पांच साल से अटके नगर निगम चुनावों का रास्ता साफ
50 से 66 वार्ड, चुनावी गतिरोध खत्म होने की उम्मीद
कोलकाता(आकाश शर्मा)। पश्चिम बंगाल विधानसभा ने हावड़ा नगर निगम के पुनर्गठन से जुड़े अहम बिल को मंजूरी दे दी है। इसके तहत नगर निगम में वार्डों की संख्या 50 से बढ़ाकर 66 कर दी गई है। इस फैसले को हावड़ा की शहरी प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
नगर विकास मंत्री फिरहाद हकीम ने सदन में बताया कि यह बिल काफी समय से राजभवन में लंबित था, जिसके चलते हावड़ा में नगर निगम चुनाव लगभग पांच वर्षों से रुके हुए थे। विधानसभा की मंजूरी के बाद अब चुनावी प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद जगी है।
सरकार का कहना है कि बढ़ी हुई वार्ड संख्या से जनसंख्या के बेहतर प्रतिनिधित्व के साथ-साथ विकास योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। इस निर्णय से हावड़ा की स्थानीय राजनीति और शहरी विकास को नई गति मिलने की संभावना जताई जा रही है।
