जामुड़िया मे अग्निकांड पीड़ित दुकानदारों को विधायक हरेराम सिंह की पहल से मिली नई जिंदगी, 11 नई दुकानों का किया गया उद्घाटन

जामुड़िया। आसनसोल के जामुड़िया थाना क्षेत्र अंतर्गत बोगड़ा इलाके स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के किनारे 31 जनवरी को लगी भीषण आग की घटना में प्रभावित दुकानदारों के लिए राहत की बड़ी खबर सामने आई है। इस अग्निकांड में 11 दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गई थीं, जिससे वहां रोज़ी-रोटी कर रहे दुकानदारों के सामने गंभीर आजीविका संकट खड़ा हो गया था। घटना के बाद तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय विधायक हरेराम सिंह ने पीड़ित दुकानदारों से मुलाकात कर हरसंभव मदद का आश्वासन दिया था। अपने वादे को निभाते हुए विधायक की पहल पर रविवार को सभी 11 दुकानों का पुनर्निर्माण कार्य पूर्ण कर दुकानदारों को सौंप दिया गया। नई दुकानों के खुलते ही क्षेत्र का बाजार एक बार फिर गुलजार हो उठा और प्रभावित दुकानदारों के चेहरों पर राहत और खुशी साफ नजर आई।
इस मौके पर आसनसोल नगर निगम के मेयर एवं स्थानीय पार्षद भी मौजूद रहे। उन्होंने पीड़ित दुकानदारों को आगे भी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया, ताकि वे अपने कारोबार को दोबारा मजबूती से खड़ा कर सकें। दुकानदारों ने विधायक हरेराम सिंह की पहल की जमकर सराहना की और कहा कि आग की घटना के बाद वे पूरी तरह टूट चुके थे, लेकिन नई दुकानें मिलने से उन्हें दोबारा काम शुरू करने का अवसर मिला है। दुकानदारों ने इसे उनके लिए “नई जिंदगी” की शुरुआत बताया। इस अवसर पर विधायक हरेराम सिंह ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस हमेशा गरीब, असहाय और पीड़ित लोगों के साथ खड़ी रही है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि यदि भारतीय जनता पार्टी के नेता वास्तव में पीड़ित दुकानदारों की मदद करना चाहते थे, तो केवल बयानबाजी करने के बजाय मौके पर आकर आर्थिक सहयोग करते। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं पर राजनीति करना उनकी पार्टी की नीति नहीं है। विधायक ने कहा कि राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की शिक्षा और प्रेरणा से टीएमसी का हर नेता और कार्यकर्ता जरूरतमंदों के साथ खड़ा रहता है, जिसका यह पुनर्निर्माण कार्य एक उदाहरण है। विधायक ने यह भी बताया कि जिन 11 दुकानों का पुनर्निर्माण किया गया है, वे पहले से अधिक बेहतर और सुविधाजनक बनाई गई हैं। जब उनसे भविष्य में स्थायी मार्केट निर्माण को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस जमीन पर फिलहाल दुकानें हैं, वह सड़क चौड़ीकरण और मार्ग निर्माण के लिए अधिग्रहित की जानी है, इसलिए अभी स्थायी मार्केट बनाने की योजना संभव नहीं है। हालांकि, उन्होंने भरोसा दिलाया कि रास्ते का काम पूरा होने के बाद यहां स्थायी मार्केट निर्माण पर विचार किया जाएगा। इस दौरान विधायक के इस सकारात्मक पहल को स्थानीय लोगों ने जनहित में उठाया गया इस महत्वपूर्ण कदम का सराहना किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *