भाजपा ने बंगाल के बदलाव की रूपरेखा के लिए जनता से मांगे सुझाव

प्रदेश अध्यक्ष शामिक भट्टाचार्य ने जारी किया संपर्क नंबर, सुशासन और विकास का किया वादा

कोलकाता(आकाश शर्मा)। पश्चिम बंगाल के कोलकाता में भारतीय जनता पार्टी के सॉल्टलेक प्रदेश कार्यालय में शनिवार को पश्चिम बंगाल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शामिक भट्टाचार्य और प्रदेश उपाध्यक्ष तापस रॉय ने प्रेस वार्ता कर संपर्क नंबर, वेबसाइट और क्यूंआर कोड जारी किया। इसके माध्यम से उन्होंने राज्य की जनता से बंगाल की रूपरेखा परिवर्तन के लिए अपने बहुमूल्य सुझाव देने की अपील की।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वामपंथ के 34 वर्षों के शासन और तृणमूल कांग्रेस के 15 वर्षों के शासनकाल के बाद अब बंगाल बदलाव चाहता है। जनता सुशासन, विकास और कानून-व्यवस्था को लेकर नई दिशा की अपेक्षा कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि लगभग पाँच दशकों के पुराने शासनकाल का अंत अब निकट है और भाजपा के नेतृत्व में बंगाल एक नए युग में प्रवेश करेगा।
भट्टाचार्य ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य जनता की भागीदारी से नीतियाँ बनाना है। इसी उद्देश्य से संपर्क नंबर 09727294294 जारी किया गया है, ताकि आम लोग अपने सुझाव, समस्याएँ और अपेक्षाएँ सीधे पार्टी तक पहुँचा सकें।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि “भाजपा की गारंटी” केवल वादा नहीं, बल्कि विकास, पारदर्शिता और सुशासन का संकल्प है। जनता की सलाह ही आगे का रास्ता दिखाएगी और बंगाल के समग्र विकास की नींव रखेगी।
भाजपा नेतृत्व ने राज्य की जनता से आह्वान किया कि वे बढ़-चढ़कर अपने सुझाव साझा करें और एक विकसित, सुरक्षित व समृद्ध पश्चिम बंगाल के निर्माण में सहभागी बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *