
कोलकाता। कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में नौ अगस्त 2024 को दुष्कर्म की शिकार महिला डॉक्टर के पिता ने न्याय की मांग को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलने की इच्छा जताई है। उन्होंने इसके लिए समय मांगा है। पीड़िता के पिता ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य के समक्ष भी अपनी बात रखी है। शमिक भट्टाचार्य ने परिवार को आश्वासन दिया है कि वे गृह मंत्री से उनकी मुलाकात कराने में पूरी मदद करेंगे। इससे पहले भी पीड़िता के पिता कई बार गृह मंत्री से मिलने की इच्छा जाहिर कर चुके हैं, लेकिन समय नहीं मिल सका था।
पीड़िता के पिता ने मामले की जांच पर सवाल उठाते हुए कहा है कि उन्हें अब भी पूरा न्याय नहीं मिला है। उल्लेखनीय है कि मामले की जांच पहले कोलकाता पुलिस ने की थी, बाद में सीबीआई को भी इसकी जांच का समर्थन मिला। केंद्रीय एजेंसी ने अपनी जांच में पूर्व सिविक वालेंटियर संजय राय को ही अपराध का दोषी बताया था, जिसे अदालत ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई। हालांकि पीड़िता का परिवार इस फैसले से संतुष्ट नहीं है और उनका कहना है कि मामले से जुड़े कई सवाल अब भी अनुत्तरित हैं।
