ईसीएल की ओर से अंडरग्राउंड कोयला खदानों में सुरक्षा मानकों को लेकर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन

जामुड़िया। ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड(ईसीएल) की ओर से अंडरग्राउंड कोयला खदानों में सुरक्षा मानकों को उच्चतम स्तर पर ले जाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। ईसीएल सतग्राम-श्रीपुर एरिया के GVTC बेनाली में रूफ बोल्टिंग और सपोर्ट सिस्टम पर केंद्रित एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सतग्राम-श्रीपुर और कुनुस्तोरिया एरिया के 30 से अधिक ओवरमैन, माइनिंग सरदार और रूफ बोल्टिंग क्रू मेंबर्स ने हिस्सा लिया। इस प्रशिक्षण का नेतृत्व निंघा कोलियरी के सेफ्टी ऑफिसर श्री लक्ष्मण पाल द्वारा किया गया। उन्होंने श्रमिकों को व्यावहारिक कौशल सिखाने और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने पर जोर दिया। इस प्रशिक्षण के दौरान हैंड्स-ऑन रूफ बोल्टिंग तकनीक, आपातकालीन प्रतिक्रिया और नियामक अनुपालन जैसे गंभीर विषयों पर गहन चर्चा की गई। इस पहल का प्राथमिक उद्देश्य खदानों के भीतर होने वाले जोखिमों को कम करना और DGMS के दिशानिर्देशों के अनुरूप सुरक्षा प्रणाली को मजबूत करना है। ईसीएल की यह सक्रिय पहल दर्शाती है कि कंपनी अपने ऑपरेशन्स के साथ-साथ श्रमिकों की जान माल की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आने वाले समय में ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों से खदानों में होने वाली दुर्घटनाओं की दर में महत्वपूर्ण कमी आने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *