
आसनसोल। आसनसोल के उत्तर थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर आज सड़क पार करते समय हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के विरोध में और मृतक के परिवार के लिए मुआवजे की मांग को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। यह हादसा आसनसोल के शीतला मोड़ के पास हुआ। मृतक की पहचान विकास थंडार के रूप मे हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा उस वक्त हुई जब वह काम से लौट रहा था। मृतक सड़क पार करने की कोशिश कर रहा था, तभी एक तेज रफ्तार वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर ही उसका मौत हो गई। इस घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजे सहित इस मोड़ पर ट्रैफिक सिग्नल या स्पीड ब्रेकर की व्यवस्था करने की मांग करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग को अवरुद्ध कर दिया और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। वही घटना की सूचना मिलते ही आसनसोल उत्तर थाना की पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुँची। पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर और मुआवजे का आश्वासन देकर जाम हटवाने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हाईवे पर सुरक्षा मानकों की कमी और तेज रफ्तार वाहनों के कारण
शीतला मोड़ एक ‘एक्सीडेंट प्रोन ज़ोन’ (दुर्घटना संभावित क्षेत्र) बनता जा रहा है, जिसे लेकर स्थानीय लोगों में लंबे समय से असंतोष है।
