मिमी चक्रवर्ती को मंच पर अपमानित करने के आरोप में कार्यक्रम आयोजक गिरफ्तार

उत्तर 24 परगना, 30 जनवरी । जिले के बनगांव में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध अभिनेत्री और पूर्व सांसद मिमी चक्रवर्ती के साथ कथित दुर्व्यवहार और उन्हें परेशान करने के आरोप में पुलिस ने मुख्य आयोजक तनय शास्त्री को गिरफ्तार किया है। गुरुवार को गोपालगंज स्थित उनके आवास से गिरफ्तारी के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया। शुक्रवार को जब पुलिस आरोपित को बनगांव अदालत में पेश करने के लिए ले जा रही थी, तब उसने अभिनेत्री पर सत्ता के दुरुपयोग का गंभीर आरोप लगाया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बीते रविवार को बनगांव के नयागोपालगंज इलाके में ‘युवक संघ’ के तत्वावधान में एक वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस समारोह में अभिनेत्री मिमी चक्रवर्ती उपस्थित थीं। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान तनय शास्त्री अचानक मंच पर चढ़ गए और मिमी के प्रदर्शन में बाधा डाली। उन्होंने कथित तौर पर अभिनेत्री को अपमानित किया और उन्हें मंच से उतर जाने को कहा। इस घटना के बाद मिमी चक्रवर्ती ने खुद को अपमानित और प्रताड़ित महसूस करते हुए शिकायत दर्ज कराई थी।
कोर्ट ले जाते समय मीडिया से बात करते हुए तनय शास्त्री ने कहा कि मिमी चक्रवर्ती अपनी शक्ति का प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अभिनेत्री एक मां के साधक का अपमान कर रही हैं और छोटी सी बात को लेकर जानबूझकर उन्हें परेशान किया जा रहा है। शास्त्री ने दावा किया कि उन्होंने अभिनेत्री को परेशान नहीं किया बल्कि उन्हें ससम्मान कार्यक्रम खत्म करने दिया गया। उन्होंने उल्टा आरोप लगाया कि मिमी के सुरक्षाकर्मियों ने वहां मौजूद आम जनता के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की थी।
उल्लेखनीय है कि गुरुवार को जब पुलिस तनय को गिरफ्तार करने पहुंची, तो उनके समर्थकों और स्थानीय निवासियों ने पुलिस का रास्ता रोककर जमकर विरोध प्रदर्शन किया था। गिरफ्तारी के बाद थाने में तनय की तबीयत भी बिगड़ गई थी, जिस पर उन्होंने कहा कि अचानक हुए घटनाक्रम और मानसिक दबाव के कारण वह घबरा गए थे। हालांकि, उन्होंने स्थानीय लोगों द्वारा किए गए हंगामे के लिए माफी मांगी और स्पष्ट किया कि उन्हें पुलिस की भूमिका से कोई शिकायत नहीं है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *