पश्चिम बंगाल में बड़े पैमाने पर पुलिस अधिकारियों के तबादले और पदोन्नति, आसनसोल सहित कई थानों में बदलाव

आसनसोल। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले राज्य पुलिस महकमे में बड़े पैमाने पर तबादले और पदोन्नति का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में पुलिस मुख्यालय की ओर से पुलिस निरीक्षकों के तबादले और नई तैनाती को लेकर विस्तृत तालिका जारी की गई है, जिसमें राज्य के विभिन्न जिलों और पुलिस कमिश्नरेट के कई थानेदारों के नाम शामिल हैं। जारी सूची के अनुसार आसनसोल साउथ थाना के प्रभारी कौशिक कुंडू को स्थानांतरित कर बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट में इंस्पेक्टर ऑफ पुलिस (SB) के पद पर तैनात किया गया है। यह तबादला प्रशासनिक स्तर पर एक अहम बदलाव माना जा रहा है। वहीं रानीगंज थाना के प्रभारी विकास दत्ता को चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट में इंस्पेक्टर ऑफ पुलिस के रूप में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है और उनके स्थान पर अमित सिन्हा महापात्रा को रानीगंज थाना का प्रभारी बनाया गया है। इसके साथ ही कुल्टी थाना से जुड़े कृष्णेंदु दत्ता को स्थानांतरित कर हावड़ा पुलिस कमिश्नरेट में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात किया गया है। जारी तबादला सूची में पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों जैसे उत्तर 24 परगना, दक्षिण दिनाजपुर, मालदा, मुर्शिदाबाद, पुरुलिया, बर्दवान, झारग्राम, हावड़ा, हुगली, नदिया और डायमंड हार्बर पुलिस जिले के कई अधिकारियों के नाम शामिल हैं। कई पुलिस अधिकारियों को थाना प्रभारी के रूप में नई जिम्मेदारी दी गई है, जबकि कुछ को जिला या कमिश्नरेट स्तर पर इंस्पेक्टर पद पर पदोन्नति के साथ तैनाती मिली है। पुलिस विभाग की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह सभी तबादले जनहित और प्रशासनिक आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए किए गए हैं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपनी नई तैनाती स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है। गौरतलब है कि चुनाव से पहले राज्य पुलिस में लगातार तबादले और प्रमोशन की प्रक्रिया जारी है, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *