
आसनसोल। आसनसोल नगर निगम के अधीन कार्यरत सफाई करने वाले कर्मचारियों ने गुरुवार को जमकर विरोध प्रदर्शन किया। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सफाई कर्मी आसनसोल नगर निगम परिसर में धरने पर बैठ गए, जिससे निगम परिसर में तनावपूर्ण माहौल देखने को मिला। विरोध कर रहे सफाई कर्मियों का कहना है कि नगर निगम के मेयर विधान उपाध्याय ने उन्हें समय देने का आश्वासन दिया था, लेकिन निर्धारित समय पर वे स्वयं उपस्थित नहीं हुए। इससे कर्मचारियों में नाराजगी और बढ़ गई। सफाई कर्मियों की प्रमुख मांग है कि वर्तमान में उन्हें मिलने वाला 9,000 रुपये का वेतन बढ़ाकर 15,000 रुपये किया जाए। इसके साथ ही पीएफ (भविष्य निधि) की राशि भी नियमित रूप से दी जाए। कर्मचारियों ने अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग रखी।
कर्मचारियों का आरोप है कि उनसे पहले जो वादे किए गए थे, उन्हें अब तक पूरा नहीं किया गया है। इन्हीं मांगों को लेकर आसनसोल नगर निगम में लगातार विरोध प्रदर्शन जारी रहा।
