
रानीगंज। भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने दो दिवसीय पश्चिम बंगाल दौरे के उपरांत बुधवार को रानीगंज पहुंचे.जहां भाजपा नेता और कार्यकर्त्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने आगामी राज्य विधानसभा चुनावों की तैयारियों के तहत आसनसोल जिला भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारीयों के साथ एक उच्च स्तरीय संगठनात्मक बैठक की। इस बैठक में पुरे राज्य के साथ साथ जिले के मौजूदा राजनीतिक माहौल, संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण और पार्टी की उपस्थिति को मजबूत करने के उद्देश्य से आगामी रणनीतिक पहलों पर ध्यान केंद्रित किया गया। बैठक के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने संगठन की भूमिका पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में अभी से जुट जाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत करने की आवश्यकता है, ताकि आने वाले चुनाव में पार्टी बेहतर प्रदर्शन कर सके।इसके साथ ही बैठक में तृणमूल कांग्रेस सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करने का भी आह्वान किया गया। कार्यकर्ताओं से कहा गया कि वे सरकार की नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएं और जन समस्याओं को प्रमुखता से उठाएं। बैठक में संगठनात्मक मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी चुनावी रणनीति को लेकर कई अहम बिंदुओं पर चर्चा की गई। वही भाजपा नेताओं और कार्यकर्त्ताओं ने एकजुट होकर 2026 के चुनाव में बंगाल में बदलाव लाने का संकल्प दोहराया। इस दौरान यहां भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य,सुनील बंसल, मंगल पाण्डेय, सतीश गोड़, पुरुलिया सांसद ज्योतिर्मय महतो, विधायक अग्निमित्रा पाल, विधायक अजय पोद्दार,जिला अध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य,कृष्णेंदु मुखर्जी,आशा शर्मा,अरिजीत रॉय के अलावा कई वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारी भी उपस्थित थे। आपको बात दे कि नितिन नवीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पहला बंगाल दौरा है। रानीगंज आने से पहले उन्होंने दुर्गापुर में राज्य भाजपा कोर कमेटी के साथ उच्च स्तरीय बैठक की और उसके बाद दुर्गापुर मे ‘कमल मेला’ का उद्घाटन किया। जानकारों के अनुसार रानीगंज और आसनसोल औद्योगिक क्षेत्र में उनकी यह बैठक 2026 के चुनावों से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरने और चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
