बर्धमान–दुर्गापुर लोकसभा सीट पर भाजपा की हार को लेकर दिलीप घोष ने दिया बड़ा बयान

दुर्गापुर। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने एक बार फिर पार्टी संगठन को लेकर विस्फोटक टिप्पणी की है। उन्होंने बर्धमान–दुर्गापुर लोकसभा सीट पर भाजपा की हार के लिए सीधे तौर पर संगठनात्मक कमजोरी को जिम्मेदार ठहराया। दिलीप घोष का कहना है कि चुनाव में पराजय का मुख्य कारण क्षेत्र में संगठन का मजबूत न होना रहा। दिलीप घोष ने कहा कि उन्होंने मेदिनीपुर में लगातार पांच वर्षों तक आम लोगों के साथ मिलकर काम किया और वहां संगठन को मजबूत करने का अवसर मिला। लेकिन बर्धमान–दुर्गापुर लोकसभा क्षेत्र में उन्हें बहुत कम समय के भीतर उम्मीदवार बनाया गया, जिसके चलते संगठन की कमियों को दूर करना संभव नहीं हो सका। उन्होंने स्पष्ट रूप से संकेत दिया कि सीमित समय में संगठनात्मक ढांचे को खड़ा करना या उसे मजबूत करना चुनौतीपूर्ण रहा। यह टिप्पणी उन्होंने बुधवार सुबह दुर्गापुर के सिटी सेंटर से गांधी मोड़ तक मॉर्निंग वॉक करने के बाद चाय-चर्चा के दौरान की। इस दौरान स्थानीय लोगों और पार्टी समर्थकों के साथ बातचीत करते हुए उन्होंने चुनाव परिणामों और संगठन की स्थिति पर अपनी बात रखी। दिलीप घोष की इस टिप्पणी को भाजपा के भीतर संगठनात्मक समीक्षा और आत्ममंथन से जोड़कर देखा जा रहा है, जो बर्धमान–दुर्गापुर लोकसभा सीट पर हार के कारणों की ओर इशारा करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *