
दुर्गापुर। पश्चिम बंगाल मे होने वाले आगामी विधानसभा के मद्देनज़र भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दो दिवसीय बंगाल दौरे पर हैं। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आज दिल्ली से दुर्गापुर के अंडाल (काजी नजरुल इस्लाम एयरपोर्ट) पहुँचने पर सौमिक भट्टाचार्य,शुभेदु अधिकारी,सुकांत मजूमदार, सौमित्र खान, लॉकेट चटर्जी, ज्योतिर्मय सिंह महतो लखन गोरोई सहित भाजपा के राज्य नेतृत्व ने उनका जोरदार स्वागत किया। 2026 विधानसभा चुनाव के मद्देनजर उनका यह दौरा रणनीतिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अंडाल एयरपोर्ट से वे सीधे दुर्गापुर के लिए रवाना हुए। आज वे दुर्गापुर के चित्रालय ग्राउंड में आयोजित ‘कमल मेले’ का आधिकारिक उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा आज शाम को स्थानीय पदाधिकारियों के साथ उनकी कई महत्वपूर्ण बैठकें निर्धारित हैं। इसके बाद बुधवार को सुबह वे दुर्गापुर के सुप्रसिद्ध बिरिंगी कालीबाड़ी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वे पूर्व और पश्चिम बर्धमान जिले के शीर्ष नेताओं के साथ एक सांगठनिक बैठक करेंगे, जिसमें बूथ स्तर पर रणनीति और चुनावी तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। इस दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह का माहौल है पूरे राज्य की नजरें उनके इस दौरे पर टिकी हैं। दुर्गापुर की धरती से वे कार्यकर्ताओं को जो संदेश देंगे, उसे 2026 के चुनावों के लिए भाजपा का “विजय मंत्र” माना जा रहा है।
नितिन नवीन का यह दौरा पश्चिम बंगाल में भाजपा की सक्रियता और राज्य सरकार के खिलाफ आक्रामक चुनावी रणनीति को और तेज करने के संकेत के रूप मे माना जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इस दौरे से संगठन में नई ऊर्जा का संचार होगा।
