बिहार में एनडीए की जीत पर बंगाल में सियासी हलचल, शुभेंदु और अग्निमित्रा ने दी बधाई

कोलकाता, 14 नवंबर । बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की प्रचंड विजय के बाद पश्चिम बंगाल की सियासत में भी हलचल बढ़ गई है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने इस जीत को “गणतंत्र और विकास का ऐतिहासिक क्षण” बताते हुए बिहार की जनता को धन्यवाद दिया।

शुभेंदु अधिकारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विशेष बधाई देते हुए कहा कि यह जनादेश उनके “अतुलनीय और दूरदर्शी नेतृत्व” का परिणाम है। उन्होंने लिखा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं, मजबूत बुनियादी ढांचा और महिलाओं के सशक्तिकरण की नीतियां ही एनडीए की सफलता की प्रमुख वजह बनीं।
अधिकारी ने गृह मंत्री अमित शाह, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पूर्व उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा और भाजपा बिहार प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल को भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास’ का मंत्र बिहार के उज्जवल भविष्य की गारंटी बनेगा।

वहीं, भाजपा नेत्री और बर्धमान दक्षिण की विधायक अग्निमित्रा पॉल ने भी एनडीए की जीत पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया के सफल और पारदर्शी संचालन को इस चुनाव की सफलता का प्रमुख कारण बताया। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने फिर भाजपा पर भरोसा जताते हुए विकास के लिए “दोहरे इंजन की सरकार” को चुना है।
अग्निमित्रा ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए कहा, “यह जीत देश की प्रगति के अनुरूप बिहार को आगे बढ़ाने वाली शक्ति साबित होगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Open chat
1
Hello
Can we help you?