
दक्षिण 24 परगना ने मनाया विश्व शिक्षक दिवस
कोलकाता 6 अक्टूबर। राष्ट्रीय कवि संगम, पश्चिम बंगाल के दक्षिण चौबीस परगना जिला इकाई द्वारा प्रांतीय अध्यक्ष डॉ.गिरिधर राय की अध्यक्षता तथा सह महामंत्री बलवंत सिंह के निर्देशन व संयोजन में शारदीय नवरात्रि के शुभ अवसर पर एक भव्य काव्य सम्मेलन का आयोजन किया गया जिसमें शहर के प्रमुख वरिष्ठ तथा कनिष्ठ रचनाकारों ने अपनी कविताओं द्वारा मॉं दुर्गा को नमन किया।
कार्यक्रम का आरंभ युवा गीतकार आदित्य स्वरूप पाठक की सरस्वती वंदना से हुआ,
प्रांतीय अध्यक्ष डॉ राय ने माता के विभिन्न रूपों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इसे नवरात्रि ही क्यों कहते हैं नौ दिन क्यों नहीं कहा जाता है। उन्होंने कहा कि नवरात्रि के नौ दिनों तक व्रत रखने वाले दुनिया के पहले व्यक्ति पुरुषोत्तम श्रीराम थे। अंत में उन्होंने अपनी चर्चित कविता ‘साइकिल बम’ सुनाकर खूब तालियां बटोरी। काव्यपाठ करने वाले ओम प्रकाश चौबे, पूर्णिमा पाठक, युवा गीतकार आदित्य स्वरूप पाठक, पुष्पा मिश्रा, सुषमाराय पटेल, भारती मिश्रा, कंचन राय, रेखा रजक, शिविर धंधानिया, सूर्यकांत चतुर्वेदी “मोहन”,स्वागता बसु, वीर बहादुर सिंह , विजय शर्मा विद्रोही तथा नागेंद्र कुमार दुबे ने अपनी शानदार रचनाओं से वातावरण को मातृमय कर दिया।हिमाद्री मिश्रा,राजीव मिश्र और उमेश पाण्डेय प्रभृति उपस्थित थे।
स्वागत वक्तव्य दिया जिला के उपाध्यक्ष नागेंद्र कुमार दुबे ने। प्रांतीय सह महामंत्री बलवंत सिंह ने विश्व शिक्षक दिवस से लोगों को रुबरु कराते हुए हमेशा की तरह अपने संख्या गणना के विरल पद्धति से उपस्थित श्रोताओं को विस्मित कर दिया। समाज तथा राष्ट्र के विषम हो रहे इस वातावरण में कविता तथा साहित्य के महत्व का भी उन्होंने उल्लेख किया साथी अपनी प्रसिद्ध कविता ‘राघव तुमको आना होगा’ का पाठ किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन जिला अध्यक्ष विजय शर्मा विद्रोही ने किया। कार्यक्रम का समापन जिला मंत्री वीर बहादुर सिंह के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
