कोलकाता, 16 जुलाई । पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां 22 साल के एक ऑटिस्टिक युवक को बर्बर तरीके से सिर्फ इसलिए पीटा गया है क्योंकि उसने नाचने से इनकार कर दिया। घटना बालीगंज थाना क्षेत्र की है। इस मामले में पीड़ित युवक के परिजनों ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने तत्काल इस पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। बताया गया है कि जिस युवक के साथ बर्बरता हुई है उनकी पहचान 22 साल के अमित्रजीत विश्वास के तौर पर हुई है। वह 70 फ़ीसदी ऑटिस्टिक हैं। उनकी चाल ढाल में यह बात झलकती है। चेतला सेंट्रल रोड में वह अपने मां-बाप के साथ रहते हैं और सुबह शाम वॉकिंग के लिए जाया करते हैं। रोज की तरह आज भी वह रासबिहारी रिक्शा स्टैंड के पास वॉकिंग कर रहे थे तभी वहां अमूमन आवारागर्दी करने वाले 18-20 साल के चार युवक आए और उन्हें घेरकर नाचने के लिए कहने लगे। अमित्रजीत ने कहा कि वह नाच नहीं सकते जिसके बाद उन्हें युवकों ने चारो तरफ से घेर लिया ताकि वह भाग नहीं सकें और मारना पीटना शुरू कर दिया। दावा है कि उन्हें बर्बर तरीके से पीटा गया है। शरीर के कई हिस्सों में चोट के निशान हैं। जैसे तैसे अमित्रजीत वहां से बच कर अपने घर पहुंचे जिसके बाद उनके मां बाप ने बालीगंज थाने में जाकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

इस मामले में ऑटिज्म सोसायटी वेस्ट बंगाल की संस्थापक और एक्टिविस्ट इंद्रानी बसु ने “हिन्दुस्थान समाचार” को बताया कि ऑटिज्म एक तरह की अदृश्य बीमारी है जिसमें पीड़ित व्यक्ति का मानसिक विकास उम्र के मुताबिक नहीं हो पाता है। उसकी गतिविधियां और हाव-भाव सामान्य से परे होती है इसलिए इसे दिव्यांगता की श्रेणी में रखा गया है। ऐसे लोगों के साथ हमेशा मानवीय बर्ताव होना चाहिए। लेकिन कोलकाता जिसका लंबे समय से मानवीयतापूर्ण आचरण का इतिहास रहा है, वहां सड़क पर सरेआम एक ऑटिस्टिक युवक के साथ इस तरह से मारपीट शर्मिंदगी भरी है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने इस मामले में तत्काल शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की है जो सराहनीय है।
इंद्रानी ने कहा कि मानव समाज को सृष्टि का सरताज कहा जाता है क्योंकि हम अपने साथ-साथ हर किसी का पालन और देखभाल कर सकते हैं। अपने ही बीच अगर कोई ऑटिज्म का शिकार होता है तो जहां उसे चारों तरफ से स्नेह मिलना चाहिए वहां इस तरह का आचरण निश्चित तौर पर मानवीय संवेदना को आघात पहुंचाने वाला है। उन्होंने कहा कि कि उन्हें उम्मीद है कि अमित्रजीत के साथ बर्बरता करने वालों के साथ कानून के मुताबिक कड़ी कार्रवाई होगी। हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश
