केंद्रीय एजेंसियों की मदद से तृणमूल को रोकना संभव नहीं : सायोनी

 

कोलकाता, 14 जुलाई । पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस की युवा मोर्चा की अध्यक्ष सायोनी घोष ने शुक्रवार को पंचायत चुनाव में पार्टी की प्रचंड जीत को लेकर एक बार फिर केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि केंद्रीय एजेंसियों का डर दिखाकर तृणमूल कांग्रेस को रोका नहीं जा सकता। धर्मतल्ला में बन रहे 21 जुलाई शहीद दिवस कार्यक्रम के मंच का अवलोकन करने पहुंची सायोनी ने कहा कि चुनाव से पहले जब अभिषेक बनर्जी पद यात्रा कर रहे थे तो उसे भी रोकने की कोशिश की गई थी लेकिन सफल नहीं हुए। 2021 के विधानसभा चुनाव के तुरंत बाद हमारे मंत्री को गिरफ्तार कर लिया गया था लेकिन फिर भी तृणमूल को नहीं रोक पाए। इस बार भी जनता ने उन्हें इस बात का संदेश दे दिया है कि लोकतंत्र में आखिरी बात जनता ही करती है। सच्चाई यह है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी विकास की जिन परियोजनाओं को लेकर काम कर रही हैं उसका कोई तोड़ भाजपा और उसकी सरकार के पास नहीं है। इसलिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है।
एक बार फिर शिक्षक नियुक्त भ्रष्टाचार के मामले में उन्हें ईडी की ओर से बुलाए जाने की संभावना बनी हुई है। अगर दोबारा तलब किया गया तो क्या वह जाएंगी या नहीं? इस बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि जितनी बार बुलाएंगे उतनी बार जाऊंगी। उस मामले से मेरा कोई संबंध नहीं है। जांच में हर तरह से सहयोग करूंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *