बांग्लादेश जा रही बंधन एक्सप्रेस से बीएसएफ ने बरामद किया 68.45 लाख रुपये मूल्य के प्रतिबंधित सामान

 

कोलकाता, 1 मई । भारत बांग्लादेश के बीच दोस्ती के प्रतीक के तौर पर चलने वाली बंधन एक्सप्रेस से सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) जवानों ने 68.45 लाख रुपये मूल्य के प्रतिबंधित कॉस्मेटिक, दवाइयां, तंबाकू और अन्य घरेलू सामान बरामद किया है। सोमवार को बीएसएफ की ओर से जारी बयान में इस बारे में जानकारी दी गई है। इसमें बताया गया है कि भारत-बांग्लादेश सीमा चौकी पेट्रापोल पर तैनात 145वीं बटालियन के बीएसएफ जवानों को खुफिया सूचना मिली थी कि बांग्लादेश जाने वाली बंधन एक्सप्रेस में भारी मात्रा में गैरकानूनी तरीके से कॉस्मेटिक के समान, दवाइयां, घरेलू सामान और अन्य प्रतिबंधित चीजें भेजी जा रही हैं। इसके तुरंत बाद एक टीम गठित की गई और ट्रेन को पेट्रापोल ने रोक लिया गया। कोलकाता के चित्तपुर स्टेशन से खुलकर यह ट्रेन पेट्रापोल होते हुए बांग्लादेश के खुलना तक जाती है। यहां खोजी कुत्तों और हैंडलर की मदद से ट्रेन के कंपार्टमेंट की सघन तलाशी ली गई जहां से भारी मात्रा में तंबाकू, दवाइयां और अन्य घरेलू सामानों के साथ ही प्रतिबंधित कॉस्मेटिक्स और कपड़े बरामद किए गए हैं। इसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पेट्रापोल कस्टम विभाग को सौंप दिया गया है। इसे किसने ट्रेन में रखा और किसके पास भेजा जा रहा था इसकी जांच शुरू की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *