जामुड़िया। ईसीएल के कुनुस्तोड़िया क्षेत्र से प्रकाशित होने वाली त्रैमासिक बुलेटिन ‘समृद्धि’ के नवीन अंक का विमोचन सोमवार को क्षेत्रीय कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में किया गया। उक्त विमोचन क्षेत्रीय महाप्रबंधक अनिल कुमार सिन्हा, अपर महाप्रबंधक पी. के. नंदी, क्षेत्रीय कार्मिक प्रबंधक राजेश त्रिवेदी, क्षेत्रीय संरक्षा अधिकारी प्रसून स्मृति, क्षेत्रीय वित्त प्रबंधक देबदीप चटर्जी, उप प्रबंधक (कार्मिक) के. पी. संगीथा, क्षेत्रीय अभियंता (ई. एंड टी.) प्रशांत कुमार गौरव, क्षेत्रीय पर्यावरण अधिकारी अभिरूप बासु व उप प्रबंधक (कार्मिक) अनिल कुमार के करकमलों से किया गया। उल्लेखनीय है कि बीते तीन महीनों के दौरान क्षेत्र में आयोजित विभिन्न महत्वपूर्ण गतिविधियों को तस्वीर सहित बुलेटिन के रूप में दर्शाने वाला त्रैमासिक बुलेटिन ‘समृद्धि’ का यह वित्त-वर्ष 2022-23 का चौथा अंक (जनवरी-मार्च, 2023) है। इस मौक़े पर महाप्रबंधक श्री सिन्हा ने ‘समृद्धि’ के प्रकाशन से जुड़े सभी कर्मियों को साधुवाद देते हुए इसके निरंतर व अबाध प्रकाशन की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रकाशन से क्षेत्र में पिछले तीन महीनों में हुई महत्वपूर्ण गतिविधियाँ एक बार पुनः समेकित रूप से दृष्टिगत हो जाती हैं जो सराहनीय है। उन्होंने आगे कहा कि किसी भी संस्था या प्रतिष्ठान का बुलेटिन वह साक्ष्य होता है जो उस संस्था या प्रतिष्ठान की प्रगति-यात्रा की प्रतिपल गवाही देता है और लिखित दस्तावेज़ के रूप में स्थापित होता है। इस क्रम में उन्होंने कहा कि कुनुस्तोड़िया क्षेत्र की विकास-यात्रा की गवाही ‘समृद्धि’ नामक यह बुलेटिन सदैव देता रहे यही मंगल कामना है। साथ ही, उन्होंने उपस्थित सभी से आग्रह किया कि ‘समृद्धि’ को और अधिक समृद्ध करने में सभी सम्मिलित प्रयास करें ताकि संस्थागत बुलेटिन के रूप में यह एक मानक स्थापित कर सके।