कोलकाता,। मियाद खत्म होने के डेढ़ साल बाद होने जा रहे कोलकाता नगर निगम (केएमसी) चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने कमर कस ली है। पार्टी ने चुनाव प्रबंधन समिति के लिए हाईकोर्ट के अधिवक्ता और प्रदेश उपाध्यक्ष प्रताप बनर्जी को प्रभारी नियुक्त किया है। प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार की ओर से इस संबंध में एक बयान जारी किया गया है।
कोलकाता नगर निगम और हावड़ा नगर निगम के लिए 19 दिसंबर को चुनाव होने हैं। हालांकि अभी इसकी अधिसूचना जारी नहीं हुई है।
भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने एक वक्तव्य में कहा, ‘‘प्रदेश उपाध्यक्ष प्रताप बनर्जी को आगामी कोलकाता नगर निगम चुनाव के मद्देनजर पार्टी की चुनाव प्रबंधन समिति का प्रभारी बनाया गया है।’’
भाजपा ने कलकत्ता उच्च न्यायालय से अनुरोध किया है कि जिन भी नगर निकायों में चुनाव होने हैं, वहां एक ही दिन मतदान करवाया जाए। यह मामला अभी लंबित है।
पश्चिम बंगाल की 112 नगर पालिकाओं और नगर निगमों में चुने गए प्रतिनिधियों का पांच साल का कार्यकाल पिछले दो साल में समाप्त हो चुका है, लेकिन कोरोना महामारी के कारण चुनाव नहीं हो सके। राज्य सरकार द्वारा नियुक्त प्रशासक नगर निकायों का कामकाज देख रहे हैं। चुनाव आयोग ने कोलकाता नगर निगम और हावड़ा नगर निगम में चुनाव के लिए राज्य सरकार द्वारा 19 दिसंबर को मतदान के प्रस्ताव को सहमति दे दी है।