कोलकाता,बांकुड़ा जिले के विष्णुपुर से भाजपा के सांसद सौमित्र खान का एक ऑडियो वायरल हुआ है। इसमें वह अपनी ही पार्टी पर हिंदुओं को विभाजित करने का आरोप लगा रहे हैं और दावा कर रहे हैं कि 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी को महज तीन सीटें मिलेंगी। शनिवार को जो क्लिप मीडिया में आया है उसमें सुना जा सकता है कि प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष खान पार्टी के हीं एक कार्यकर्ता से बात कर रहे हैं जिसमें वह कह रहे हैं कि इसके बाद लोकसभा चुनाव में भाजपा तीन सीटें ही जीत पाएगी जबकि तृणमूल को 39 सीटें मिलेंगी। पार्टी नेतृत्व के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए खान ने कहा है कि जो वास्तव में पार्टी के लिए समर्पित हैं और काम कर रहे हैं उन्हें किनारे लगाया जा रहा है। राज्य से मंत्री बनाए गए तीनों लोगों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वह किसी काम के नहीं हैं। उन्होंने कहा है कि भाजपा हिंदुओं को ही बांट रही है। कभी आदिवासी कहते हैं कभी राजवंशी कहते हैं कभी कुछ और कहते हैं। जो लोग आज भाजपा का नेतृत्व कर रहे हैं वे जीवन भर सड़कों पर रहेंगे।
राज्य से मंत्री बनाए गए निशिथ प्रमाणिक का जिक्र करते हुए खान ने कहा है कि पार्टी ने उन्हें मंत्री बनाया है लेकिन पार्टी कार्यकर्ताओं को कोई लाभ नहीं हुआ। सुभाष सरकार मंत्री बने हैं लेकिन भाजपा के कार्यकर्ताओं को क्या मिला? बांकुड़ा लोक सभा में वे जीत सकेंगे? उन्होंने कहा कि मैंने लड़ाई लड़ी है। 50-50 कर रहा हूं।
उन्होंने लोकसभा चुनाव परिणामों के बारे में भविष्यवाणी करते हुए कहा है कि भाजपा उत्तर बंगाल की दो सीटों पर जीत सकती है और हो सकता है कि मेरी सीट जीत जाए। उसके बाद और कहां जीतेंगे।
हालांकि वायरल ऑडियो क्लिप भारतीय जनता पार्टी ने फर्जी बताया है और दावा किया है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी को 35 सीटें मिलेंगी। इस संबंध में सौमित्र खान का बयान अभी तक नहीं आया है।