राम कुमार कोठारी एवं शरद कुमार कोठारी की स्मृति में स्थायी नागरिक सम्मान का प्रस्ताव ।

कोलकाता । श्री कोठारी भाईपा पंचायत, श्रीमती पूर्णिमा कोठारी तथा राम–शरद कोठारी स्मृति संघ के प्रतिनिधिमंडल ने स्वामी प्रदीप्तानंद जी (कार्तिक महाराज जी) से भेंट कर कोलकाता के अमर श्रीराम भक्त राम कुमार कोठारी एवं शरद कुमार कोठारी की स्मृति में कोलकाता में स्थायी नागरिक सम्मान स्थापित किए जाने हेतु एक ज्ञापन देकर सहयोग के लिये निवेदन किया । प्रतिनिधिमंडल में श्री कोठारी भाईपा पंचायत के अध्यक्ष राज कुमार कोठारी, राम एवं शरद कोठारी की बहन पूर्णिमा कोठारी, श्री कोठारी भाईपा पंचायत ट्रस्ट के प्रतिनिधि हरिमोहन कोठारी, राम–शरद कोठारी स्मृति संघ के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल तथा इस पहल के समन्वयक नरेश कोठारी शामिल थे ।

प्रतिनिधिमंडल ने अनुरोध किया कि कोलकाता की किसी उपयुक्त प्रमुख सड़क तथा अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों का नाम राम–शरद कोठारी की संयुक्त स्मृति में रखा जाए, ताकि उनके साहस और बलिदान को स्थायी रूप से स्मरण किया जा सके तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनें ।

कार्तिक महाराज ने इस पहल के प्रति सकारात्मक रुख व्यक्त करते हुए अपने सहयोग एवं समर्थन का आश्वासन दिया । कोलकाता के राम कुमार कोठारी और शरद कुमार कोठारी ने क्रमशः मात्र 22 और 20 वर्ष की आयु में 2 नवंबर 1990 को अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान अपने प्राणों का बलिदान दिया था । प्रतिनिधिमंडल ने आशा व्यक्त की कि कोलकाता अपने इन दो युवा सपूतों की स्मृति को स्थायी सम्मान प्रदान करेगा तथा उनके साहस, बलिदान और विरासत को भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणा के रूप में संरक्षित रखेगा ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *