अभियंता दिवस पर बर्नपुर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, 20 यूनिट रक्त संग्रहित

रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र व स्मृति चिह्न देकर किया गया सम्मानित

आसनसोल। भारत के महान अभियंता एवं भारतरत्न मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती के अवसर पर मंगलवार को देशभर में अभियंता दिवस मनाया गया। इसी क्रम में बर्नपुर डिप्लोमा इंजीनियर्स वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से सामाजिक दायित्व के तहत बर्नपुर स्टेडियम स्थित बीयूसी कॉन्फ्रेंस हॉल में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। एसोसिएशन की ओर से लगातार दूसरे वर्ष अभियंता दिवस पर इस शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सेल के बर्नपुर स्थित इस्को इस्पात संयंत्र के कार्यपालक निदेशक प्रभारी (मानव संसाधन) जितेंद्र कुमार उपस्थित रहे। वहीं, बर्नपुर-आसनसोल शिल्पांचल के प्रमुख रक्तदान आंदोलन से जुड़े समाजसेवी प्रबीर धर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए नियमित स्वैच्छिक रक्तदान को समाजसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने रक्तदान के लिए अपनी सहभागिता दर्ज कराई। खराब मौसम के बावजूद कुल 26 रक्तयोद्धा शिविर में पहुंचे। इनमें से दो लोग चिकित्सकीय कारणों से रक्तदान नहीं कर सके। वहीं, दो अन्य रक्तदाताओं को बर्नपुर अस्पताल में भर्ती एक मरीज की आपात स्थिति को देखते हुए बर्नपुर अस्पताल ब्लड सेंटर में रक्तदान के लिए भेजा गया। शिविर एवं संबंधित व्यवस्था के माध्यम से कुल 20 यूनिट रक्त आसनसोल जिला अस्पताल ब्लड सेंटर प्राधिकरण को सौंपा गया। रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को कार्यक्रम के दौरान प्रमाणपत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर रक्तदाताओं ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। एसोसिएशन के महासचिव गौतम नंदी ने कहा कि आसनसोल जिला अस्पताल ब्लड सेंटर के सहयोग से इस रक्तदान शिविर का आयोजन कर एसोसिएशन स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि बर्नपुर डिप्लोमा इंजीनियर्स वेलफेयर एसोसिएशन सेल-इस्को इस्पात संयंत्र में कार्यरत डिप्लोमा इंजीनियरों के पदनाम, उच्च शिक्षा समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर संगठन को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है। इसके साथ ही संगठन अपने सामाजिक दायित्वों के प्रति भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से अभियंता दिवस पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के संयोजक एवं एसोसिएशन के अतिरिक्त महासचिव मीर मुशर्रफ अली ने कहा कि पिछले दो महीनों के दौरान बर्नपुर क्षेत्र में विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों की ओर से कई रक्तदान शिविर आयोजित किए गए हैं। इनमें इस्को इस्पात संयंत्र के रक्तयोद्धाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है। उन्होंने कहा कि मंगलवार को अचानक मौसम खराब होने के बावजूद रक्तदाताओं का उत्साह कम नहीं हुआ और बड़ी संख्या में लोग रक्तदान के लिए पहुंचे। एसोसिएशन के अध्यक्ष शंकर राउ कारि ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी रक्तदाताओं, अतिथियों, आसनसोल जिला अस्पताल ब्लड सेंटर के कर्मियों तथा एसोसिएशन के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान एसोसिएशन की समिति की ओर से लव कुमार मन्ना, बुद्धेश्वर भगत, सुरजीत चौधरी, गौतम राय, अनिरुद्ध धीबर, राम प्रकाश कन्नौजिया, प्रमोद कुमार वर्मा, पवन गुप्ता, सूर्यकांत दलई, जूपिटर विश्वास सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। अभियंता दिवस के अवसर पर आयोजित इस रक्तदान शिविर के माध्यम से एसोसिएशन ने एक ओर महान अभियंता एम. विश्वेश्वरैया के योगदान को स्मरण किया, वहीं दूसरी ओर रक्तदान के माध्यम से समाजसेवा और मानवीय संवेदना का संदेश भी दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *