जामुड़िया बाजार और चिचुड़िया में रेलवे टिकट बुकिंग केंद्र खोलने की मांग, विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने डीआरएम को लिखा पत्र

जामुड़िया। जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र में रेल यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने आसनसोल रेल मंडल के रेल प्रबंधक (डीआरएम) को पत्र लिखकर जामुड़िया बाजार और चिचुड़िया इलाके में रेलवे टिकट बुकिंग केंद्र खोलने की मांग की है। विधायक ने कहा कि इन दोनों स्थानों पर टिकट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध होने से क्षेत्र के हजारों रेल यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और उन्हें टिकट लेने के लिए दूर-दराज के रेलवे स्टेशनों या अन्य स्थानों का रुख नहीं करना पड़ेगा। विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने अपने पत्र में कहा है कि जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग प्रतिदिन रोजगार, शिक्षा, चिकित्सा, व्यापार, व्यवसाय तथा अन्य आवश्यक कार्यों के सिलसिले में पश्चिम बर्दवान जिले के विभिन्न हिस्सों के अलावा राज्य के अन्य जिलों और दूसरे राज्यों की यात्रा करते हैं। रेल यातायात इन यात्राओं का एक महत्वपूर्ण साधन है। ऐसे में क्षेत्र में रेलवे टिकट बुकिंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि जामुड़िया बाजार क्षेत्र बड़ी आबादी का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है। वहीं, चिचुड़िया और आसपास के क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में लोग निवास करते हैं। इन इलाकों के लोगों को रेलवे टिकट की बुकिंग के लिए दूसरे स्थानों पर जाना पड़ता है। इससे उनका समय और अतिरिक्त धन दोनों खर्च होता है। विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं, विद्यार्थियों और इलाज के लिए बाहर जाने वाले लोगों को टिकट बुक कराने में अधिक परेशानी होती है। विधायक ने डीआरएम से आग्रह किया है कि यात्रियों की सुविधा और क्षेत्र की आवश्यकता को देखते हुए जामुड़िया बाजार तथा चिचुड़िया में रेलवे टिकट बुकिंग केंद्र खोलने की प्रक्रिया शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि यदि इन दोनों स्थानों पर टिकट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध होती है तो जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के लोगों को अपने ही इलाके में रेलवे टिकट बुक कराने की सुविधा मिल सकेगी। डॉ. बिजन मुखर्जी ने कहा कि जनसुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास के साथ-साथ आम लोगों की रोजमर्रा की समस्याओं के समाधान के लिए भी लगातार प्रयास किया जा रहा है। रेलवे टिकट बुकिंग केंद्र खोलने की मांग भी इसी दिशा में उठाया गया एक कदम है।उन्होंने उम्मीद जताई कि रेलवे प्रशासन क्षेत्र की वास्तविक आवश्यकता और यात्रियों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए इस मांग पर सकारात्मक विचार करेगा। विधायक के अनुसार, जामुड़िया बाजार और चिचुड़िया में टिकट बुकिंग केंद्र खुलने से न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि इससे क्षेत्र में रेल संपर्क से जुड़ी सुविधाओं का भी विस्तार होगा और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *