आसनसोल मे मासूम की हत्या के विरोध में जीटी रोड जाम, आरोपी को सौंपने की मांग, पुलिस ने किया स्थिति नियंत्रण

आसनसोल । आसनसोल दक्षिण थाना क्षेत्र के लोअर छिन्नमस्ता स्थित तुड़ीपाड़ा में छह वर्षीय ऋत्विक रुज की हत्या के विरोध में कल देर शाम परिजनों और स्थानीय लोगों ने भगत सिंह मोड़ पर जीटी रोड जाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हत्या के आरोपी को उनके हवाले करने की मांग करते हुए पुलिस से मामले की शीघ्र जांच पूरी कर दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्चे की गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है। जांच के दौरान मृतक के पड़ोसी शिवनाथ तुड़ी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। सड़क जाम की सूचना मिलते ही एसीपी (सेंट्रल-1) अब्दुल गफ्फार के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान आसनसोल उत्तर के विधायक प्रतिनिधि एवं भाजपा नेता अंतु राय भी घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने परिजनों से कानून अपने हाथ में नहीं लेने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन से जीटी रोड पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और आवागमन सामान्य हो गया। उल्लेखनीय है कि ऋत्विक रुज बीते शनिवार को घर से लापता हो गया था। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। रविवार सुबह घर के समीप जंगल से उसका शव बरामद हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *