आसनसोल मे अवैध स्क्रैप कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, छापेमारी; भारी मात्रा में संदिग्ध लोहा बरामद, एक गिरफ्तार

आसनसोल। आसनसोल मे अवैध लोहा कारोबार और कथित रूप से चोरी के स्क्रैप की खरीद-बिक्री के खिलाफ आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डिटेक्टिव डिपार्टमेंट (डीडी) ने सोमवार देर रात व्यापक अभियान चलाते हुए शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में संदिग्ध लोहा बरामद किया गया, जबकि एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब इस पूरे गिरोह और चोरी के स्क्रैप के नेटवर्क की गहन जांच में जुट गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सबसे पहले डीडी की टीम ने हीरापुर थाना क्षेत्र के नर्सिंगबांध-कलाली इलाके में स्थित एक कबाड़ गोदाम पर छापा मारा। तलाशी के दौरान गोदाम से बड़ी मात्रा में संदिग्ध लोहा बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि बरामद लोहा बर्नपुर स्थित इस्को स्टील प्लांट से चोरी किया गया हो सकता है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच और सत्यापन के बाद ही हो सकेगी। बताया गया कि उक्त गोदाम स्थानीय निवासी सोनू साव का है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने गोदाम के साथ-साथ उसके आवास की भी तलाशी ली, जहां से भी संदिग्ध लोहा बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने सोनू साव को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर पुलिस को अवैध स्क्रैप कारोबार से जुड़े अन्य ठिकानों की जानकारी मिली। पूछताछ के बाद डिटेक्टिव डिपार्टमेंट की टीम ने आसनसोल दक्षिण थाना क्षेत्र के काली पहाड़ी इलाके में स्थित एक अन्य कबाड़ गोदाम पर छापा मारा। यहां से भी भारी मात्रा में संदिग्ध लोहा बरामद किया गया। इसी दौरान डीडी की दूसरी टीम ने आसनसोल नॉर्थ थाना क्षेत्र के रेलपार इलाके में कार्रवाई करते हुए सज्जाद उर्फ ‘चिकना’ से जुड़े बताए जा रहे एक गोदाम की तलाशी ली। पुलिस ने वहां से भी बड़ी मात्रा में संदिग्ध लोहा जब्त किया। हालांकि इस स्थान से किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद किए गए लोहे की वास्तविक पहचान, उसके स्रोत तथा संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह लोहा किन औद्योगिक इकाइयों या कारखानों से चोरी हुआ और इसके अवैध कारोबार में किन-किन लोगों की संलिप्तता है। पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि औद्योगिक क्षेत्र में चोरी के स्क्रैप की खरीद-बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आने वाले दिनों में भी इसी प्रकार का अभियान जारी रहेगा। अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बरामद लोहे की वास्तविक बरामदगी और उससे जुड़े लोगों की भूमिका जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *