आसनसोल मे बेकाबू मिनी बस ने बुजुर्ग को रौंदा, स्कूल वैन को भी मारी टक्कर; तीन बच्चे गंभीर घायल

आसनसोल। आसनसोल शहर के मुर्गासोल इलाके में शुक्रवार को तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही एक मिनी बस ने भीषण सड़क हादसे को अंजाम दे दिया। हादसे में 65 वर्षीय जयदेव मंडल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि स्कूल वैन में सवार तीन स्कूली बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आसनसोल से रानीगंज की ओर जा रही मिनी बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े जयदेव मंडल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इसके बाद बस ने पास में खड़ी एक ओमनी स्कूल वैन को भी जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के समय वैन में स्कूली बच्चे सवार थे। दुर्घटना में तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल आसनसोल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने भागने का प्रयास कर रहे बस चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। लोगों का आरोप है कि स्कूल वैन सड़क किनारे सुरक्षित खड़ी थी और बस चालक की तेज रफ्तार व लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा दुर्घटनाग्रस्त मिनी बस को जब्त कर लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *